
राम मंदिर चंदा चोरी: AAP सांसद संजय सिंह ने SIT रिपोर्ट का पन्ना नंबर छह किया सार्वजनिक
अयोध्या राम मंदिर ट्रस्ट घोटाला से जुड़े मामले में आम आदमी पार्टी (AAP) के उत्तर प्रदेश प्रभारी व राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बड़ा खुलासा किया है। संजय सिंह ने पूर्व में गठित एसआईटी (SIT) की जांच रिपोर्ट का वह रहस्यमयी ‘पन्ना नंबर 6’ मीडिया के सामने सार्वजनिक कर दिया, जिसे लेकर लंबे समय से दबाने और छिपाने के आरोप लग रहे थे।
SIT रिपोर्ट के पन्ना नंबर 6 में क्या है?
संजय सिंह ने प्रेस वार्ता में SIT रिपोर्ट की प्रतियां दिखाते हुए दावा किया कि गायब ‘पन्ना नंबर 6’ में साफ तौर पर जमीन खरीद-बिक्री में हुई वित्तीय अनियमितताओं और कम कीमत की जमीन को कुछ ही मिनटों में करोड़ों रुपये में बेचने के साक्ष्य दर्ज हैं।
उन्होंने श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी अनिल मिश्रा पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि ये दोनों ही इस पूरे घोटाले के मुख्य सूत्रधार हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राम भक्तों द्वारा दिए गए आस्था के चंदे का दुरुपयोग किया गया और इस पैसे का इस्तेमाल आरएसएस और बीजेपी के आलीशान दफ्तरों के निर्माण में किया गया।
‘क्लीन चिट की खबरें प्लांट की गईं’
आप सांसद ने केंद्र व राज्य सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि एक तरफ 17 अगस्त को सुप्रीम कोर्ट ने जांच में हो रही देरी पर कड़ा रुख अपनाते हुए एसआईटी से ‘स्टेटस रिपोर्ट’ तलब की है, वहीं दूसरी तरफ मीडिया में आरोपियों को क्लीन चिट मिलने की खबरें प्रायोजित (प्लांट) कराई जा रही हैं। संजय सिंह ने इसे सर्वोच्च न्यायालय की निगरानी का अपमान और दोषियों को बचाने की सोची-समझी साजिश करार दिया।
वर्तमान SIT अध्यक्ष से मांगा मिलने का समय
संजय सिंह ने बताया कि उन्होंने मामले की जांच कर रही वर्तमान एसआईटी की अध्यक्ष किरन एस. को पत्र लिखा है और उनसे मुलाकात के लिए समय मांगा है। सांसद का कहना है कि वे एसआईटी अध्यक्ष को इस घोटाले से जुड़े 26 बेहद महत्वपूर्ण और पक्के दस्तावेज व्यक्तिगत रूप से सौंपना चाहते हैं, ताकि निष्पक्ष जांच के जरिए दूध का दूध और पानी का पानी हो सके।





