
प्रशासनिक सेवा से जनसेवा की राह पर आए अधिकारी, कांग्रेस में हुए शामिल
सेवानिवृत्त अधिकारियों समेत कई लोगों ने ग्रहण की कांग्रेस की सदस्यता, बोले- समावेशी विचारधारा वाली पार्टी है कांग्रेस
लखनऊ। कांग्रेस पार्टी की नीतियों और विचारधारा से प्रभावित होकर सेवानिवृत्त प्रशासनिक एवं विकास प्राधिकरण के अधिकारियों समेत कई लोगों ने शुक्रवार को कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेन्द्र पाल गौतम की उपस्थिति में के.के. सिंह, संयुक्त सचिव (सेवानिवृत्त), लखनऊ/कानपुर विकास प्राधिकरण, तथा लखनऊ विकास प्राधिकरण के सेवानिवृत्त चीफ इंजीनियर अमरेन्दु के साथ नीतू रावत और राजेश सिंह कांग्रेस में शामिल हुए।

प्रदेश कांग्रेस के ज्वाइनिंग प्रभारी नितिन शर्मा ने सभी नए सदस्यों को कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता दिलाई।

सदस्यता ग्रहण करने के बाद के.के. सिंह ने कहा कि वह पूरी मेहनत और निष्ठा के साथ कांग्रेस पार्टी की सेवा करेंगे। उन्होंने कहा कि छात्र जीवन से ही उनका कांग्रेस पार्टी के प्रति लगाव रहा है। उनके मुताबिक कांग्रेस देश की समावेशी विचारधारा वाली पार्टी है और समाज एवं देश के हित में काम करती है।
के.के. सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी में ही देश का हित सुरक्षित है और वह आगे भी पार्टी की विचारधारा को मजबूत करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे।
कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुनील राय सहित कई वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।





