
बेटे की जिद ने ली मां-बाप की जान, पहाड़ी से गिरकर एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत
लोगों ने उसे मनाने के लिए यहां तक कह दिया कि वे उसे नया आईफोन 15 प्रो दिला देंगे लेकिन कुणाल पर इस बात का कोई असर नहीं हुआ और वह कंधे उचकाते हुए लगातार यही दोहराता रहा कि मुझे मरना ही होगा, यही एकमात्र रास्ता बचा है।
iPhone EMI Dispute: स्मार्टफोन और स्टेटस सिंबल के बढ़ते जुनून ने एक हंसते-खेलते परिवार को खत्म कर दिया। महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में आईफोन (iPhone) की किस्त (EMI) भरने को लेकर हुए घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया।
परिवार से नाराज होकर पहाड़ी पर चढ़े 18 साल के युवक और उसे बचाने गए माता-पिता, तीनों की खाई में गिरने से दर्दनाक मौत हो गई। दिल दहला देने वाली यह पूरी घटना वहां मौजूद लोगों के कैमरों में कैद हो गई, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।
किस्त न चुका पाने पर पिता से विवाद
वालुज एमआईडीसी (Waluj MIDC) पुलिस स्टेशन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले तिसगांव (खवड़ा पहाड़ी) इलाके का यह मामला है। पुलिस के मुताबिक, झालटा फाटा निवासी 18 वर्षीय कुणाल चंदगुडे ने हाल ही में आईफोन खरीदा था। वह फोन की EMI चुकाने में असमर्थ था और इसके लिए अपने पिता मुरलीधर चंदगुडे (48) से पैसे मांग रहा था।
इसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस हो गई। गुस्से में आकर कुणाल सुबह करीब 10 बजे तिसगांव की पहाड़ी पर चढ़ गया और आत्महत्या की धमकी देने लगा।
3 घंटे तक चलती रही मिन्नतें
बेटे के पीछे-पीछे उसके पिता मुरलीधर और मां संगीता भी पहाड़ी पर पहुंचे। मौके पर पुलिस, फायर ब्रिगेड और स्थानीय नागरिक एकत्र हो गए। पूर्व सरपंच और स्थानीय लोगों ने कुणाल को समझाने की बहुत कोशिश की। यहां तक कि लोगों ने उसे ‘iPhone 15 Pro’ खरीद कर देने का ऑफर भी दिया, लेकिन वह नहीं माना और लगातार कहता रहा कि उसके पास मरने के अलावा कोई दूसरा रास्ता नहीं बचा है।
बेटे को खींचने में पिता का बिगड़ा संतुलन
दोपहर करीब 1 बजे, लगभग तीन घंटे के ड्रामे के बाद पिता मुरलीधर खुद बेटे के पास चोटी पर पहुंचे और उसका हाथ पकड़कर उसे पीछे खींचने का प्रयास किया। इस दौरान कुणाल ने झटका दिया, जिससे दोनों का संतुलन बिगड़ गया और बाप-बेटा सीधे सैकड़ों फीट गहरी खाई में जा गिरे। आंखों के सामने पति और बेटे को खाई में गिरता देख गहरे सदमे में आई मां संगीता ने भी तुरंत खाई में छलांग लगा दी।
घटना के बाद पुलिस ने तीनों के शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।





