
Haiwaan Trailer: अक्षय कुमार का सनकी अवतार, अंधे बने सैफ संग खेलेंगे माइंड गेम
Haiwaan Trailer Release: बॉलीवुड के खिलाड़ी अक्षय कुमार (Akshay Kumar) और सैफ अली खान (Saif Ali Khan) की जोड़ी करीब 18 साल बाद एक बार फिर बड़े पर्दे पर तहलका मचाने के लिए तैयार है। मशहूर निर्देशक प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी डार्क क्राइम-थ्रिलर फिल्म ‘हैवान’ (Haiwaan) का आधिकारिक ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है।
2 मिनट 34 सेकंड के इस ट्रेलर में रहस्य, सस्पेंस, खौफनाक वारदातें और रोंगटे खड़े कर देने वाला साइकोलॉजिकल थ्रिल देखने को मिल रहा है। फिल्म में अक्षय कुमार एक बेरहम और सनकी साइकोपैथ के किरदार में नजर आ रहे हैं, जबकि सैफ अली खान एक दृष्टिबाधित (दिव्यांग) व्यक्ति का किरदार निभा रहे हैं।
यहाँ देखिए ट्रेलर
7 परिवारों का कत्ल और खौफनाक ‘हैवान’
ट्रेलर की शुरुआत ही रोंगटे खड़े कर देने वाली गिड़गिड़ाहट और चीख के साथ होती है। शहर में एक सनकी कातिल का खौफ छाया हुआ है, जो पिछले एक साल में 7 अलग-अलग परिवारों को बेरहमी से मौत के घाट उतार चुका है। सैफ अली खान का किरदार एक ऐसी बच्ची का रखवाला बना हुआ है, जिसकी जान के पीछे यह ‘हैवान’ पड़ा हुआ है।
आंखों से न देख पाने की बेबसी के बावजूद सैफ का किरदार अपनी समझदारी और हिम्मत के बल पर अक्षय कुमार के खौफनाक माइंड गेम्स का सामना करता है। ट्रेलर के बीच में गूंजता डायलॉग “अंधे होने से ज्यादा बुरा है बेवकूफ होना” दर्शकों के मन में गहरा प्रभाव छोड़ता है।
ये भी पढ़े-Gunmaaster G9 Teaser: रोमांस, एक्शन और हिमेश का साथ…’लवर बॉय’ बन लौटे इमरान हाशमी
स्टारकास्ट और रिलीज डेट
फिल्म ‘हैवान’ साल 2016 में आई सुपरहिट मलयालम फिल्म ‘ओप्पम’ की आधिकारिक हिंदी रीमेक है। दिलचस्प बात यह है कि मूल मलयालम फिल्म का निर्देशन भी प्रियदर्शन ने ही किया था।
अक्षय कुमार और सैफ अली खान के अलावा फिल्म में सैयामी खेर, बोमन ईरानी, श्रिया पिलगांवकर, राजपाल यादव, शारिब हाशमी, राजेश शर्मा और मनोज जोशी जैसे बेहतरीन कलाकार अहम किरदारों में हैं। यह फिल्म 11 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है।
ये भी पढ़े-Kriti Sanon के रक्षाबंधन एड पर भड़के लोग, बोले-‘ब्रा पहनकर बैठ गई…’





