
BCCI का बड़ा ऐलान, वीरेंद्र सहवाग और राहुल द्रविड़ के बेटे की टीम इंडिया में एंट्री
India U19 Squad: भारतीय क्रिकेट इतिहास की सबसे मशहूर जोड़ियों में शामिल पूर्व दिग्गज सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग और पूर्व कप्तान व हेड कोच राहुल द्रविड़ के बेटे अब एक साथ राष्ट्रीय टीम की जर्सी में नजर आएंगे। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की पुरुष चयन समिति ने ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के खिलाफ होने वाली आगामी घरेलू सीरीज के लिए भारत की अंडर-19 वनडे और मल्टी-डे टीमों की घोषणा कर दी है।
इस चयन की सबसे खास बात सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग और द्रविड़ के छोटे बेटे अन्वय द्रविड़ का एक ही टीम में शामिल होना है।
आर्यवीर की पहली बार टीम में जगह
18 वर्षीय आक्रामक बल्लेबाज आर्यवीर सहवाग को पहली बार भारतीय अंडर-19 टीम में शामिल किया गया है। आर्यवीर हाल ही में दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL) में वेस्ट दिल्ली लॉयंस की ओर से खेल रहे थे और कूच बिहार ट्रॉफी में 297 रनों की मैराथन पारी खेलकर चर्चा में आए थे।
वहीं, राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय द्रविड़ (विकेटकीपर-बल्लेबाज) ने वनडे टीम में अपना स्थान बरकरार रखा है। 17 वर्षीय अन्वय इससे पहले जुलाई में श्रीलंका दौरे पर गई अंडर-19 टीम का भी हिस्सा थे, जहां उन्होंने दो मैचों में 101 रन बनाए थे।
लक्ष्य रायचंदानी को वनडे कप्तान
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली जाने वाली 3 मैचों की वनडे सीरीज के लिए लक्ष्य रायचंदानी को कप्तान नियुक्त किया गया है, जबकि यशवर्धन सिंह चौहान उपकप्तान होंगे। वहीं, 2 मल्टी-डे (चार दिवसीय) मैचों की सीरीज के लिए यशवर्धन सिंह चौहान कप्तानी करेंगे और लक्ष्य रायचंदानी उपकप्तान की भूमिका निभाएंगे।
ध्यान देने योग्य बात यह है कि आर्यवीर सहवाग और अन्वय द्रविड़ दोनों को केवल वनडे टीम में चुना गया है, वे मल्टी-डे (चार दिवसीय) टीम का हिस्सा नहीं हैं।
ऑस्ट्रेलिया U19 के भारत दौरे का शेड्यूल
-
पहला वनडे: 18 सितंबर 2026, राजकोट
-
दूसरा वनडे: 21 सितंबर 2026, राजकोट
-
तीसरा वनडे: 23 सितंबर 2026, राजकोट
-
पहला मल्टी-डे मैच: 27 से 30 सितंबर 2026, राजकोट
-
दूसरा मल्टी-डे मैच: 5 से 8 अक्टूबर 2026, अहमदाबाद
ये भी पढ़े- ICC Test Rankings: बुमराह का दबदबा खत्म, नंबर-1 टेस्ट गेंदबाज बना ये खिलाड़ी





