
‘गोल्डन बॉय’ का टूटा सपना! चोट के कारण एशियन गेम्स से बाहर हुए नीरज चोपड़ा
Neeraj Chopra: भारत के स्टार जैवलिन थ्रोअर और दो बार के ओलंपिक मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा के फैंस के लिए बड़ा झटका है। नीरज चोपड़ा टखने में लिगामेंट फटने की चोट के कारण एशियन गेम्स 2026 (Asian Games 2026) से बाहर हो गए हैं। इतना ही नहीं, इस चोट के चलते उनका 2026 का बाकी पूरा सीजन भी खत्म हो गया है।
नीरज ने शनिवार को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अपने फैंस को इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लुसाने डायमंड लीग में सीजन का अपना बेस्ट थ्रो करने के कुछ समय बाद ट्रेनिंग के दौरान उनके टखने में लिगामेंट इंजरी हो गई।
एशियन गेम्स में गोल्ड की उम्मीदों को लगा झटका
नीरज चोपड़ा से एशियन गेम्स 2026 में एक बार फिर गोल्ड मेडल की उम्मीद थी। वह 2018 और 2022 एशियन गेम्स में जैवलिन थ्रो का गोल्ड जीत चुके हैं और इस बार लगातार तीसरा गोल्ड जीतकर हैट्रिक लगाने के दावेदार थे।
लेकिन चोट के कारण अब वह आइची-नागोया, जापान में होने वाले एशियन गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व नहीं कर पाएंगे। उनकी गैरमौजूदगी भारतीय एथलेटिक्स टीम के लिए बड़ा झटका मानी जा रही है।
लुसाने में दिखी थी शानदार फॉर्म
दिलचस्प बात यह है कि चोट से पहले नीरज शानदार लय में लौटते दिख रहे थे। लुसाने डायमंड लीग में उन्होंने 88.05 मीटर का सीजन बेस्ट थ्रो किया था और दूसरे स्थान पर रहे थे। इससे उनके एशियन गेम्स में मजबूत प्रदर्शन की उम्मीदें और बढ़ गई थीं।
इससे पहले उन्होंने ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स में 85.83 मीटर के थ्रो के साथ सिल्वर मेडल जीता था। जून में चोट से वापसी के बाद दोहा डायमंड लीग में उन्होंने 85.69 मीटर के थ्रो के साथ चौथा स्थान हासिल किया था।
डायमंड लीग फाइनल भी नहीं खेल पाएंगे
टखने की चोट के कारण नीरज अब 5 सितंबर को ब्रसेल्स में होने वाले डायमंड लीग फाइनल में भी हिस्सा नहीं ले पाएंगे। इसके अलावा वह सितंबर में होने वाली World Athletics Ultimate Championships से भी बाहर हो गए हैं।
नीरज ने चोट पर निराशा जताते हुए कहा कि वह अपनी लय के करीब पहुंच रहे थे, लेकिन अब उनका पूरा ध्यान अच्छी तरह रिकवर होने और पहले से ज्यादा मजबूत वापसी करने पर है।





