दीप्ति शर्मा के नाम वर्ल्ड रिकॉर्ड, ऐतिहासिक प्रदर्शन के साथ किया बड़ा कारनामा

Deepti Sharma World Record: दुबई में खेले गए महिला एशिया कप 2026 (Women’s Asia Cup 2026) के अपने पहले ही मुकाबले में भारतीय महिला टीम ने थाईलैंड को 94 रनों से करारी शिकस्त दी। इस मुकाबले में भारत की स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा (Deepti Sharma) ने अपनी जादुई गेंदबाजी से नया इतिहास रच दिया है।

दीप्ति अब महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय (T20I) इतिहास में दुनिया की सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज बन गई हैं। अपने 150वें टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में दीप्ति शर्मा ने महज 1.1 ओवर की गेंदबाजी में बिना कोई रन दिए 3 विकेट हासिल किए (3/0)।

हासिल किया नंबर-1 का ताज

इस मुकाबले से पहले महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे ज्यादा विकेट का रिकॉर्ड थाईलैंड की स्पिनर थिपत्चा पुत्थावोंग (Thipatcha Putthawong) के नाम था। दीप्ति शर्मा ने इस मैच में 3 सफलताएं हासिल कर अपने करियर में कुल 171 विकेट पूरे किए और पुत्थावोंग (170 विकेट) को पछाड़कर शीर्ष स्थान हासिल कर लिया।

महिला T20I में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज:

  • दीप्ति शर्मा (भारत): 171 विकेट

  • थिपत्चा पुत्थावोंग (थाईलैंड): 170 विकेट

  • हेनरीएट इशिन्वे (रवांडा): 164 विकेट

  • सोफी एकलेस्टोन (इंग्लैंड): 154 विकेट

बिना रन दिए 3 विकेट

दीप्ति शर्मा महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय में एक भी रन दिए बिना 3 या उससे अधिक विकेट लेने वाली पहली भारतीय गेंदबाज बन गई हैं। इससे पहले 3 से अधिक विकेट लेने के दौरान सबसे कम रन देने का भारतीय रिकॉर्ड रेणुका सिंह (3/5 बनाम श्रीलंका, 2022) के नाम था।

भारत की एकतरफा जीत

मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने शेफाली वर्मा के तूफानी अर्धशतक (36 गेंदों में 64 रन) की बदौलत 20 ओवर में 159/9 का स्कोर बनाया। जवाब में 160 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी थाईलैंड की टीम भारतीय गेंदबाजी आक्रमण के आगे पस्त हो गई और पूरी टीम 16.1 ओवर में महज 65 रनों पर सिमट गई। दीप्ति शर्मा के अलावा नंदनी शर्मा ने 3/18 और श्री चरणी ने 2/10 विकेट हासिल किए।

Back to top button