कानपुर में BSF परीक्षा में सिस्टम हैंग होने पर भड़के छात्र, पेपर लीक का भी आरोप

UP News: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले से परीक्षा में गड़बड़ी का एक बड़ा मामला सामने आया है। यहां आयोजित सीमा सुरक्षा बल (BSF) कांस्टेबल भर्ती परीक्षा के दौरान पेपर लीक होने की खबर फैलते ही परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों ने जमकर विरोध-प्रदर्शन और हंगामा शुरू कर दिया।

सिस्टम हैंग होने और माउस-कीबोर्ड काम न करने से परीक्षा बाधित हुई। अचानक हुए इस हंगामे के बाद केंद्र पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जिसे नियंत्रित करने के लिए पुलिस प्रशासन को मौके पर पहुंचना पड़ा।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ प्रश्नपत्र!

प्राप्त जानकारी के अनुसार, परीक्षा शुरू होने के कुछ ही देर बाद अभ्यर्थियों के बीच यह खबर फैल गई कि BSF कांस्टेबल परीक्षा का प्रश्नपत्र (Question Paper) और उत्तर कुंजी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर पहले ही लीक हो चुके हैं। परीक्षा हॉल से बाहर निकलते ही अभ्यर्थियों ने दावों की पुष्टि के लिए प्रश्नपत्रों का मिलान किया, जिसमें सवाल मैच होने का आरोप लगाते हुए उन्होंने परीक्षा केंद्र के बाहर नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

केंद्र के बाहर भारी पुलिस बल तैनात

हंगामे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भारी संख्या में पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित अभ्यर्थियों को समझा-बुझाकर शांत कराने का प्रयास किया।

प्रशासनिक अधिकारियों ने अभ्यर्थियों को आश्वासन दिया है कि मामले की गहनता से जांच की जाएगी और किसी भी तरह की गड़बड़ी पाए जाने पर सख्त वैधानिक कार्रवाई होगी।

ये भी पढ़े- कार में गोली मारकर प्रॉपर्टी डीलर की हत्या, 22 किमी दूर फेंका शव; CCTV से खुलेगा राज

अभ्यर्थियों ने की परीक्षा रद्द करने की मांग

घटना के बाद अभ्यर्थियों ने परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए इसे तुरंत रद्द करने और मामले की उच्चस्तरीय या एसटीएफ (STF) जांच कराए जाने की मांग की है। फिलहाल, पुलिस और परीक्षा कराने वाली एजेंसी लीक के दावों के स्रोतों और वायरल प्रश्नपत्रों की सत्यता की जांच में जुट गई है।

ये भी पढ़े- UP के लाखों आउटसोर्स कर्मचारियों की बदलेगी तस्वीर, बढ़ेगा ₹7 हजार तक मानदेय

Back to top button