आइसक्रीम भी बेचेंगे मुकेश अंबानी, अमूल-मदर डेयरी को देंगे टक्कर?

Reliance Ice Cream: टेलीकॉम (Jio) और सॉफ्ट ड्रिंक्स (Campa Cola) के बाद अब मुकेश अंबानी की रिलायंस इंडस्ट्रीज एफएमसीजी (FMCG) सेक्टर में बड़ा धमाका करने जा रही है। रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड (RCPL) ने भारतीय बाजार में बॉम्बे क्रीमरी’ (Bombay Creamery) नाम से नया आइसक्रीम ब्रांड आधिकारिक तौर पर लॉन्च कर दिया है।

कंपनी ने इस ब्रांड को “अफोर्डेबल प्रीमियम डेयरी ब्रांड” (Affordable Premium Dairy Brand) के रूप में पेश किया है, जिसकी शुरुआती कीमत महज ₹10 रखी गई है।

₹10 वाले फॉर्मूले से मचेगी हलचल

जिस तरह रिलायंस ने 200ml की कैम्पा कोला को ₹10 में लॉन्च कर पेप्सी और कोका-कोला के सामने बड़ी चुनौती खड़ी की थी, ठीक वही दांव अब आइसक्रीम बाजार में आजमाया जा रहा है।

बॉम्बे क्रीमरी के तहत कप, कोन, स्टिक, बार और फैमिली टब जैसे कई फॉर्मेट में आइसक्रीम उपलब्ध कराई जाएगी। अमूल या क्विक-कॉमर्स (Zepto, Blinkit) पर मिलने वाले एंट्री-लेवल स्टिक और कप की कीमत औसतन ₹20 से शुरू होती है। रिलायंस ने इसे सीधा आधा (₹10) कर दिया है।

फिलहाल इस ब्रांड को पश्चिमी भारत (Western India) में लॉन्च किया जा रहा है, जिसके बाद इसे चरणबद्ध तरीके से पूरे देश में उपलब्ध कराया जाएगा।

“डेयरी प्रोडक्ट्स में कोई शॉर्टकट नहीं”- RCPL

रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स के डायरेक्टर टी. कृष्णकुमार के अनुसार, कंपनी आइसक्रीम की क्वालिटी और इंग्रीडिएंट्स से कोई समझौता नहीं करेगी। बॉम्बे क्रीमरी को असली डेयरी क्रीम से तैयार किया गया है, जो ग्राहकों को वास्तविक डेयरी का स्वाद और गुणवत्ता प्रदान करेगी। कंपनी का लक्ष्य इसे हर भारतीय परिवार के बजट में फिट बैठाना है।

शेयर बाजार पर दिखा असर

रिलायंस की इस एंट्री की गूंज शेयर बाजार में भी सुनाई दी। खबर आते ही लिस्टेड आइसक्रीम कंपनियों के शेयरों पर दबाव देखने को मिला। ‘क्वालिटी वॉल्स’ बनाने वाली कंपनी के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई।

विशेषज्ञों का मानना है कि भारत का आइसक्रीम मार्केट 15% की वार्षिक दर (CAGR) से बढ़ रहा है, और रिलायंस का मजबूत रिटेल नेटवर्क (JioMart व डिस्ट्रीब्यूशन फ्रीजर्स) पुराने ब्रांड्स जैसे अमूल, मदर डेयरी, वाडीलाल और क्वालिटी वॉल्स के लिए कड़ी प्रतिस्पर्धा पैदा करेगा।

ये भी पढ़े- बड़े इंफ्रा लोन ने बढ़ाई बैंकों की टेंशन, RBI से ANBC नियम बदलने की मांग…

Back to top button