
पत्नी से मारपीट कर दांत से काटा, दामाद के खिलाफ सास ने थाने में दी तहरीर
Lucknow Crime: पत्नी से मारपीट और हाथ में दांत से काटने का आरोप, शिकायत के बाद सास ने आरोपी दामाद पर परिवार को जान से मारने की धमकी देने का लगाया आरोप।
Lucknow: राजधानी लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने दामाद पर बेटी के साथ मारपीट करने और दांत से काटकर घायल करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की मां का दावा है कि आरोपी ने पुलिस में शिकायत करने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
गढ़ी कनौरा निवासी रानी सिंह ने पारा थाने में दी शिकायत में बताया कि उनकी बेटी खुशी सिंह की शादी दीपक सिंह से हुई है। आरोप है कि 17 अगस्त को सदरौना कॉलोनी निवासी दीपक ने खुशी के साथ मारपीट की। इसी दौरान उसने खुशी के हाथ में दांत से काट लिया, जिससे उसके हाथ में गंभीर चोट आई।
डॉक्टर की सलाह के बाद पुलिस से की शिकायत
रानी सिंह के अनुसार, घटना के बाद परिजन घायल खुशी को इलाज के लिए डॉक्टर के पास ले गए। चिकित्सकीय जांच के बाद उन्हें पुलिस में शिकायत करने की सलाह दी गई। इसके बाद परिवार ने पारा थाने पहुंचकर मामले की जानकारी पुलिस को दी।
महिला का आरोप है कि शिकायत की जानकारी मिलने के बाद आरोपी लगातार परिवार को धमका रहा है। कथित तौर पर उसने पुलिस में शिकायत करने पर परिवार के सभी सदस्यों को जान से मारने की धमकी दी।
यह भी पढ़ें…
लखनऊ में सड़कों पर बह रहा गंदा पानी, भाजपा कार्यकर्ताओं ने नगर निगम के खिलाफ किया प्रदर्शन
पहले भी घर में आग लगाने का आरोप
शिकायत में रानी सिंह ने आरोपी पर पहले भी उनके घर में पेट्रोल से आग लगाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि आरोपी उनके बेटे को भी जान से मारने की धमकी देता रहा है। इन घटनाओं के कारण परिवार के लोग भयभीत हैं।
यह भी पढ़ें…
सड़क के गड्ढे ने छीन ली मासूम की जिंदगी, आगरा में दो घंटे फंसी रही एम्बुलेंस
सरकारी मेडिकल जांच और कार्रवाई की मांग
पीड़िता की मां ने पुलिस से बेटी खुशी सिंह का सरकारी मेडिकल परीक्षण कराने और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
पारा थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की पुलिस स्तर पर जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें…





