
गरबा-डांडिया में मुस्लिमों की एंट्री पर बैन की मांग, VHP से अलग खड़े हुए रामदास अठावले
Garba-Dandiya Controversy: VHP की मांग पर NDA सहयोगी रामदास अठावले का विरोध, बोले- संविधान सभी धर्मों को समान अधिकार देता है और हर किसी को दूसरे समुदाय के त्योहारों में शामिल होने की आजादी है।
Raipur: नवरात्रि से पहले गरबा और डांडिया कार्यक्रमों में मुस्लिमों की एंट्री को लेकर विवाद शुरू हो गया है। विश्व हिंदू परिषद (VHP) की ओर से गरबा और डांडिया आयोजनों में मुस्लिमों के प्रवेश पर रोक लगाने की मांग की गई है। अब केंद्रीय मंत्री और NDA के सहयोगी रामदास अठावले ने इस मांग का खुलकर विरोध किया है।
छत्तीसगढ़ के एक दिवसीय दौरे पर रायपुर पहुंचे रामदास अठावले ने स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत में कहा कि किसी धर्म के लोगों को गरबा में शामिल होने से रोकना सही नहीं है। उन्होंने कहा कि भारत संविधान से चलता है और संविधान देश के सभी नागरिकों को समान अधिकार देता है।
‘सभी धर्मों के लोगों को समान अधिकार’
रामदास अठावले ने कहा कि भारत में हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई, जैन, बौद्ध, लिंगायत और पारसी समेत अलग-अलग धर्मों के लोग रहते हैं। संविधान सभी के अधिकारों की रक्षा करता है। ऐसे में किसी एक समुदाय के लोगों को गरबा या डांडिया कार्यक्रम में शामिल होने से रोकना उचित नहीं है।
उन्होंने कहा कि अलग-अलग धर्मों के लोगों को एक-दूसरे के त्योहारों में शामिल होने की स्वतंत्रता होनी चाहिए। उनके मुताबिक भारत की परंपरा ही ऐसी रही है, जहां विभिन्न समुदायों के लोग एक-दूसरे के धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों में हिस्सा लेते रहे हैं।
यह भी पढ़ें…
आरक्षण छोड़ने को तैयार मोदी सरकार के मंत्री रामदास आठवले, बस रख दी ये बड़ी शर्त
हिंदू-मुस्लिमों को साथ काम करने की अपील
रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (A) के प्रमुख अठावले ने हिंदू और मुस्लिम समुदायों से मिलकर देश के लिए काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज में आपसी भाईचारा और एकता बनाए रखना जरूरी है।
अठावले ने अजमेर शरीफ दरगाह का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां बड़ी संख्या में हिंदू श्रद्धालु भी पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि जब अलग-अलग धर्मों के लोग एक-दूसरे के धार्मिक स्थलों और त्योहारों में शामिल हो सकते हैं, तो गरबा और डांडिया जैसे सांस्कृतिक आयोजनों को लेकर भी किसी समुदाय पर प्रतिबंध लगाने की मांग उचित नहीं है।
यह भी पढ़ें…
चुनाव से पहले BJP का बड़ा ऐलान, इन नेताओं को मिली मोर्चों की कमान; देखें पूरी लिस्ट
VHP की मांग पर बढ़ी बहस
नवरात्रि के दौरान देशभर में गरबा और डांडिया के बड़े आयोजन होते हैं। इन आयोजनों में प्रवेश और प्रतिभागियों की पहचान को लेकर कई जगहों पर अलग-अलग संगठनों की ओर से नियम और मांगें सामने आती रही हैं।
VHP की ओर से मुस्लिमों की एंट्री पर रोक की मांग के बीच रामदास अठावले का बयान इस मुद्दे पर अलग राय सामने रखता है। उन्होंने VHP के रुख को संविधान की भावना के खिलाफ बताया और सभी समुदायों को समान अधिकार दिए जाने की बात कही।
यह भी पढ़ें…





