योगी सरकार का बड़ा तोहफा, UP के 68 हजार ग्राम प्रहरियों का बढ़ा मानदेय

CM Yogi Bareilly Visit: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को बरेली के दौरे पर रहे। पुलिस लाइन मैदान में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश के ग्राम प्रहरियों को एक बड़ी सौगात दी। सीएम योगी ने ग्राम प्रहरियों का मासिक मानदेय 2,500 रुपये से बढ़ाकर 3,500 रुपये करने की आधिकारिक घोषणा की।

इस बढ़ोतरी से उत्तर प्रदेश के करीब 70 हजार ग्राम प्रहरियों को सीधा लाभ मिलेगा। मानदेय बढ़ाए जाने का शासनादेश पहले ही जारी किया जा चुका है।

“CCTV की तरह हैं ग्राम प्रहरियों की भूमिका”

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ग्रामीण स्तर पर पुलिस और प्रशासन के सूचना तंत्र को मजबूत करने में ग्राम प्रहरियों की भूमिका बेहद अहम है। उन्होंने कहा कि गांव की सुरक्षा व्यवस्था में ग्राम प्रहरी एक तरह से ‘सीसीटीवी कैमरे’ की तरह काम करते हैं।

सीएम ने सभी ग्राम प्रहरियों से अपील की कि वे अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी ईमानदारी और गंभीरता के साथ करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दें।

मानदेय में वृद्धि का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2017 में ग्राम प्रहरियों को मात्र 1,500 रुपये प्रतिमाह मिलते थे, जिसे 2019 में बढ़ाकर 2,500 रुपये किया गया था और अब इसे बढ़ाकर 3,500 रुपये कर दिया गया है। इसके साथ ही सरकार ने उन्हें 5 लाख रुपये तक की कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा का लाभ देने का भी प्रावधान किया है।

ये भी पढ़े-Lucknow News: बॉन्डेड डॉक्टरों का जोरदार प्रदर्शन, पुलिस बस के आगे खड़ी हुई महिला

अपराधियों को कड़ी चेतावनी

कानून-व्यवस्था का जिक्र करते हुए सीएम योगी ने विपक्ष पर निशाना साधा और कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में त्योहारों के दौरान उपद्रव और दंगे आम बात हुआ करती थी, लेकिन आज उत्तर प्रदेश में पूरी तरह सुरक्षा और भयमुक्त माहौल है। अपराधियों को कड़ी चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में अपराधियों के मन में कानून का डर साफ दिखाई देता है। यदि कोई किसी बेटी के साथ छेड़छाड़ या गुस्ताखी करता है, तो उसे गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।

बरेली दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले कई ग्राम प्रहरियों को सम्मानित भी किया। इस कार्यक्रम के बाद सीएम ने बरेली क्लब मैदान में आयोजित शिक्षक सम्मेलन को संबोधित किया और आगामी राजनीतिक रणनीतियों को लेकर भी हुंकार भरी।

ये भी पढ़े-आजम खां से जेल में पूछताछ, रामपुर में ED की चार सदस्यीय टीम 

Back to top button