CJP के सौरव-आशुतोष पांच दिन की न्यायिक हिरासत में, जंतर-मंतर प्रदर्शन के मामले में जेल

CJP Leaders Jantar Mantar: राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा घेरा तोड़ने और अनाधिकृत रूप से प्रवेश करने वाले कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेताओं की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं।

दिल्ली पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए CJP के प्रमुख नेताओं सौरव दास (Saurav Das) और आशुतोष रांका (Ashutosh Ranka) को अदालत ने पांच दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इसके बाद दोनों नेताओं को तिहाड़ जेल भेज दिया गया है।

जंतर-मंतर का गेट फांदकर किया था प्रवेश

गौरतलब है कि हाल ही में दिल्ली पुलिस द्वारा जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थल की सूची से हटाए जाने (डिनोटिफ़ाई करने) के बाद भी CJP के नेता और कार्यकर्ता वहां विरोध प्रदर्शन करने पहुंचे थे। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में साफ देखा गया था कि सौरव दास और आशुतोष रांका ने अपने समर्थकों के साथ जंतर-मंतर के लोहे के गेट और बैरिकेड्स को फांदकर अंदर प्रवेश किया था। इस दौरान उन्होंने हाथों में तिरंगा झंडा थामकर नारेबाजी भी की थी।

घटना के तुरंत बाद दिल्ली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों नेताओं समेत कई अन्य कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया था। पुलिस ने इस मामले में आपराधिक अतिचार (Criminal Trespass), शांति भंग करने, सरकारी आदेशों की अवहेलना और पूर्व में भरे गए शांति बॉन्ड के उल्लंघन जैसी गंभीर धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की थी।

अदालत ने भेजा तिहाड़ जेल?

CJP की लीगल टीम की प्रमुख रत्ना सिंह ने X पर बताया कि तीनों पर बिना इजाजत जंतर-मंतर में घुसने, बॉन्ड की शर्तों का उल्लंघन और सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप हैं। आशुतोष और सौरव को तिहाड़ जेल भेजे जाने की संभावना है। दोनों को 10 अक्टूबर को भी फ्लाइट से हिरासत में लिया गया था.

निवारक हिरासत (Preventive Arrest) और शुरुआती पूछताछ के बाद बुधवार को दोनों नेताओं को संबंधित अदालत में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें 5 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दिया गया। इस कार्रवाई के बाद CJP के अन्य नेताओं ने सोशल मीडिया पर विरोध दर्ज कराते हुए कहा है कि सरकार लोकतांत्रिक अधिकारों की आवाज को दबाने की कोशिश कर रही है, लेकिन उनका आंदोलन जारी रहेगा।

Back to top button