Air India की फ्लाइट की जयपुर में इमरजेंसी लैंडिंग, बम की अफवाह से मचा हड़कंप

Air India Flight: अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की सुरक्षा से जुड़ी एक सनसनीखेज खबर आ रही है। जर्मनी के फ्रैंकफर्ट से नई दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट (AI 2030) को बुधवार को एक गंभीर सुरक्षा अलर्ट के चलते अचानक जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए डायवर्ट करना पड़ा।

विमान ने जयपुर एयरपोर्ट पर सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग की है। शुरुआती रिपोर्ट्स में इस खतरे को बम की धमकी और संभावित हाइजैक से जुड़ा बताया जा रहा है, जिसके बाद से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है।

आइसोलेशन बे में ले जाया गया विमान

एयरपोर्ट सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, जब यह विमान भारतीय एयरस्पेस के करीब पहुंचा, तो एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को सुरक्षा से जुड़ा एक संदिग्ध अलर्ट मिला। एहतियात के तौर पर विमान को तुरंत जयपुर की ओर मोड़ने का फैसला लिया गया। लैंडिंग के बाद फ्लाइट AI 2030 को तुरंत एयरपोर्ट के आइसोलेशन बे (Isolation Bay) में ले जाया गया।

सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF), स्थानीय पुलिस और बम निरोधक दस्ते (BDDS) ने तुरंत मोर्चा संभाल लिया। विमान में सवार सभी यात्रियों और क्रू मेंबरों को सुरक्षित बाहर निकालकर एयरपोर्ट टर्मिनल के एक विशेष होल्डिंग एरिया में पहुंचाया गया है। अधिकारी यात्रियों के सामान और विमान के चप्पे-चप्पे की गहनता से जांच कर रहे हैं।

ये भी पढ़े-CJP के सौरव-आशुतोष पांच दिन की न्यायिक हिरासत में, जंतर-मंतर प्रदर्शन के मामले में जेल

जांच एजेंसियों की पड़ताल जारी

प्रारंभिक सूचनाओं के मुताबिक, सुरक्षा एजेंसियों को यह धमकी मेल या अन्य माध्यम से मिली थी, जिसकी सत्यता की जांच की जा रही है। हालांकि अभी तक एयर इंडिया या एयरपोर्ट प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां इसे पूरी गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की बारीकी से जांच-पड़ताल कर रही हैं।

ये भी पढ़े-मां कूष्माण्डा की असीम ऊर्जा से सुख-समृद्धि एवं आरोग्य का संचार हो:Modi

Back to top button