World T20 Continent Cup विवाद: शिखर धवन करेंगे कानूनी कार्रवाई?

Shikhar Dhawan Row: भारत के पूर्व दिग्गज सलामी बल्लेबाज शिखर धवन (Shikhar Dhawan) एक नए विवाद के चलते सुर्खियों में आ गए हैं। हॉन्ग कॉन्ग में आयोजित होने वाले आगामी ‘वर्ल्ड टी20 कॉन्टिनेंट कप’ (World T20 Continent Cup) के आयोजकों द्वारा बिना उनकी अनुमति और जानकारी के उनका नाम प्रतिभागी के रूप में शामिल करने पर गब्बर गुस्से से आगबबूला हो गए हैं।

धवन ने सोशल मीडिया के जरिए कड़ा रुख अपनाते हुए टूर्नामेंट के आयोजकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई (Legal Action) करने की चेतावनी दी है।

“बिना मेरी सहमति के इस्तेमाल किया नाम”

शिखर धवन ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर एक आधिकारिक बयान जारी कर इस पूरे मामले पर अपनी स्थिति स्पष्ट की। धवन ने लिखा, “मुझे पता चला है कि वर्ल्ड टी20 कॉन्टिनेंट कप में एक प्रतिभागी के रूप में मेरा नाम दर्शाया गया है। आयोजकों ने मेरी जानकारी या सहमति के बिना मेरे नाम का इस्तेमाल किया है। मेरी टीम इस मामले में उचित कानूनी कदम उठाने जा रही है।”

इसके साथ ही उन्होंने मीडिया संस्थानों और अपने प्रशंसकों से अपील करते हुए कहा, “मैं मीडिया और अपने फैंस से अनुरोध करता हूं कि किसी भी अनअधिकृत घोषणा पर विश्वास न करें और न ही उस पर रिपोर्टिंग करें। आपके निरंतर प्यार और समर्थन के लिए धन्यवाद।”

ये भी पढ़े-ICC प्लेयर ऑफ द मंथ बने शुभमन गिल, विमेंस में शेफाली वर्मा ने मारी बाजी

क्या है पूरा विवाद?

दिसंबर 2026 में हॉन्ग कॉन्ग में खेले जाने वाले ‘वर्ल्ड टी20 कॉन्टिनेंट कप’ में दुनिया भर के संन्यास ले चुके क्रिकेटर भाग ले रहे हैं। इसमें ‘एशिया वॉरियर्स’, ‘यूरोप चैंपियंस’, ‘अफ्रीका लायंस’ और ‘नॉर्थ अमेरिका ईगल्स’ नाम की चार टीमें बनाई गई हैं।

आयोजकों ने शिखर धवन का नाम ‘एशिया वॉरियर्स’ (Asia Warriors) टीम के स्क्वॉड में शामिल दिखाया था, जिसमें कई पूर्व पाकिस्तानी खिलाड़ी जैसे सोहेल तनवीर और इफ्तिखार अहमद के अलावा राहुल शर्मा, गुरकीरत सिंह मान और अभिमन्यु मिथुन जैसे भारतीय नाम भी प्रचारित किए गए थे। पाकिस्तान के खिलाड़ियों के साथ टीम में नाम देखकर फैंस और मीडिया में असमंजस फैल गया था, जिसके बाद शिखर धवन ने खुद सामने आकर इस दावे का पूरी तरह से खंडन कर दिया है।

ये भी पढ़े- सिर्फ रोहित-विराट ही नहीं, इन खिलाड़ियों का करियर डूबाने का अजीत अगरकर आरोप

Back to top button