सबको सजा देंगे, सुबूत रखिए; राहुल गांधी ने पुलिस को दी खुली चेतावनी

Rahul Gandhi PC: राजधानी दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) के खिलाफ चल रहे विरोध प्रदर्शनों और उसके बाद सामने आई पुलिस कार्रवाई का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने पुलिस हिरासत में कथित तौर पर प्रताड़ित किए गए कुछ पीड़ित छात्र-छात्राओं के साथ एक विशेष प्रेस कॉन्फ्रेंस की।

इस दौरान छात्रों ने दिल्ली पुलिस पर अमानवीय व्यवहार और गंभीर मारपीट के आरोप लगाए, वहीं राहुल गांधी ने पुलिस प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि अत्याचार का एक-एक सुबूत सहेज कर रखा जाए, समय आने पर सबको सजा दी जाएगी।

“यह हिंदुस्तान की आवाज है”

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान छात्रों के साथ मौजूद राहुल गांधी ने केंद्र सरकार और गृह मंत्रालय पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “ये हिंदुस्तान है। अमित शाह जी, इसको अच्छी तरह देख लीजिए। यहां न कोई हिंदू है, न कोई मुस्लिम है, न कोई किसी जात का है, न कोई स्त्री है और न ही कोई पुरुष है। यह सिर्फ एक आवाज है, एक प्रोटेस्ट है, जो सीधे तौर पर हिंदुस्तान की आवाज है। आप (प्रधानमंत्री) इस आवाज के सामने खड़े हैं। मैं आपको सुझाव देता हूं, इस आवाज के सामने खड़े मत होइए। इस आवाज के सामने कोई नहीं टिक सकता।”

पुलिसकर्मियों और अधिकारियों को चेतावनी देते हुए राहुल गांधी ने कहा कि वे छात्रों से अपील करते हैं कि वे अपने पास वीडियो और अन्य सभी प्रकार के साक्ष्य (Evidence) सुरक्षित रखें। उन्होंने कहा, “जब यह पूरा मामला खत्म होगा, तो हम इन सभी सबूतों का इस्तेमाल करेंगे। ज्ञानेश कुमार से लेकर ऊपर से लेकर नीचे तक नरेंद्र मोदी, अमित शाह और जो भी कांस्टेबल हमारे बच्चों पर हाथ उठा रहा है, सबको सजा मिलेगी। कोई भी बचेगा नहीं, इसलिए आप लोग घबराइए मत।”

ये भी पढ़े- अमित शाह के बयान पर भड़के प्रमोद तिवारी, बोले- ‘कांग्रेस की वापसी तय’

“पुलिस ने इतना मारा कि कान से सुनाई देना बंद”

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रताड़ना का शिकार हुए छात्रों ने आपबीती साझा करते हुए दिल्ली पुलिस पर अत्यंत गंभीर और डरावने आरोप लगाए। एक पीड़ित छात्रा ने रोते हुए आरोप लगाया कि पुलिस हिरासत के दौरान उसे इतनी बुरी तरह पीटा गया कि उसके एक कान से सुनाई देना ही बंद हो गया है।

वहीं, अन्य छात्रों ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने उनके मोबाइल फोन छीन लिए और उनके साथ जानवरों जैसा सलूक किया गया। छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस ने उनके साथ बदसलूकी की और कई नाबालिगों के खिलाफ भी मनमाने ढंग से एफआईआर दर्ज कर दी गई। छात्रों का कहना था कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर बर्बरता की सारी हदें पार कर दी गईं।

ये भी पढ़े- CJP के सौरव-आशुतोष पांच दिन की न्यायिक हिरासत में, जंतर-मंतर प्रदर्शन के मामले में जेल

मीडिया के सामने आए राहुल

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ हालिया प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई और कथित तौर पर हिरासत में प्रताड़ना झेलने वाले युवाओं को राहुल गांधी खुद मीडिया के सामने लेकर आए। कांग्रेस सांसद ने दोहराया कि विपक्षी दल और देश के युवा संविधान की रक्षा के लिए पूरी ताकत से डटे हुए हैं और इस लोकतांत्रिक लड़ाई को तब तक जारी रखा जाएगा जब तक न्याय नहीं मिल जाता।

ये भी पढ़े-भारत ने आतंकवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई:अमित शाह

Back to top button