
UP में पशुपालन विभाग भर्ती घोटाले में एक्शन, पूर्व IAS योगेश कुमार गिरफ्तार
UP News: उत्तर प्रदेश में चर्चित पशुपालन भर्ती घोटाले में आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने रिटायर IAS योगेश कुमार को गिरफ्तार किया है। 1980 बैच के अधिकारी योगेश कुमार उस समय विभाग के प्रमुख सचिव थे। शासन से अभियोजन स्वीकृति मिलते ही EOW की टीम ने उन्हें राजधानी लखनऊ के गोमती नगर स्थित आवास से गिरफ्तार किया।
तत्कालीन पशुधन विकास मंत्री राजकिशोर सिंह की भी मिलीभगत के सबूत मिले थे। उनके खिलाफ मुकदमे की फाइल अभी शासन में लटकी है। हाई-प्रोफाइल गिरफ्तारी के बाद प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में खलबली मची हुई है।
साल 2014 में हुई थी भर्ती
जानकारी के अनुसार, साल 2014 में उत्तर प्रदेश के 17 मंडलों में 1198 पदों पर पशुधन प्रसार अधिकारियो की भर्ती हुई थी। यह भर्ती प्रक्रिया समाजवादी पार्टी सरकार के दौरान शुरू हुई थी। 1,198 पदों के लिए परीक्षा 2 फरवरी, 2014 को आयोजित की गई थी। चयन प्रक्रिया के दौरान बड़े पैमाने पर गड़बड़ियों के आरोप सामने आए थे।
पशुधन प्रसार अधिकारी की भर्ती के बाद योगेश कुमार रिटायर हो गए थे। इस दौरान पशुधन मंत्री राज किशोर सिंह थे। राज किशोर सिंह के अभियोजन स्वीकृति की फाइल अभी शासन में लंबित है।
जांच में सामने आई गड़बड़ी
जांच के मुताबिक, भर्ती के नियमों को कथित तौर पर नज़रअंदाज़ किया गया था। OMR आंसर शीट की जांच एक ही जगह पर की गई थी, जिससे जांचकर्ताओं को शक हुआ कि इससे नंबरों में हेर-फेर हो सकता था। रिपोर्ट के अनुसार, ज़िला और डिवीज़न स्तर पर चयन के लिए ज़िम्मेदार कमेटियों के अधिकार भी वापस ले लिए गए थे।
भर्ती के समय योगेश कुमार पशुपालन विभाग के प्रधान सचिव थे। जांच एजेंसी ने कहा कि उन्हें कथित अनियमितताओं में उनकी भूमिका से जुड़े सबूत मिले हैं।
राज किशोर सिंह पर क्या कार्रवाई हुई
योगेश कुमार भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के रिटायर्ड अधिकारी हैं, जो उत्तर प्रदेश कैडर के 1980 बैच से थे। अपने प्रशासनिक करियर के दौरान, उन्होंने राज्य सरकार में काम किया और पशुपालन विभाग में प्रधान सचिव का पद संभाला। भर्ती प्रक्रिया के समय राज किशोर सिंह पशुपालन मंत्री थे। उन्हें 2016 में मंत्री पद से हटा दिया गया था और 2024 में वे भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो गए। पूर्व मंत्री के ख़िलाफ़ संभावित कानूनी कार्रवाई से जुड़ी एक फ़ाइल सरकार के पास मंज़ूरी के लिए लंबित है।





