रेलवे कर्मचारियों को दीपावली में मिलेगा 78 दिन का बोनस

सरकार पर दो हजार करोड़ रुपए से अधिक का दबाव

Prime Minister Narendra Modi Railway Bonus Delhi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय कैबिनेट ने रेलवे कर्मचारियों के लिए बोनस का ऐलान किया। यह 78 दिनों की सैलरी के बराबर है और इससे करीब 11 लाख से अधिक रेलवे कर्मचारियों को फायदा होगा। यह बोनस प्रदर्शन के आधार पर दिया जाएगा और इस पर 2,009.61 करोड़ रुपए खर्च होंगे। सरकार की जारी बयान में कहा गया,”प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने रेलवे कर्मचारियों के बेहतरीन प्रदर्शन को देखते हुए, 11,40,770 रेलवे कर्मचारियों को 78 दिनों के पीएलबी (प्रोडक्टिविटी लिंक्ड बोनस) के भुगतान को मंजूरी दी है, जो कि 2009.61 करोड़ रुपए है।

हर साल दुर्गा पूजा/दशहरा की छुट्टियों से पहले पात्र रेलवे कर्मचारियों को पीएलबी का भुगतान किया जाता है। इस साल भी, लगभग 11.40 लाख नॉन-गजेटेड रेलवे कर्मचारियों को 78 दिनों के वेतन के बराबर पीएलबी की राशि का भुगतान किया जा रहा है। पीएलबी का भुगतान रेलवे कर्मचारियों को रेलवे के कामकाज में सुधार के लिए काम करने के लिए प्रेरित करने का काम करता है।

हर पात्र रेलवे कर्मचारी को 78 दिनों के लिए अधिकतम 17,951 रुपए का भुगतान किया जाएगा। यह राशि रेलवे के अलग-अलग कैटेगरी के कर्मचारियों को दी जाएगी, जिसमें ट्रैक मेंटेनर, लोको पायलट, ट्रेन मैनेजर (गार्ड), स्टेशन मास्टर, सुपरवाइजर, टेक्नीशियन, टेक्नीशियन हेल्पर, पॉइंट्समैन, मंत्रालय के कर्मचारी और ग्रुप ‘सी’ के अन्य कर्मचारी शामिल हैं। साल 2025-26 में रेलवे का प्रदर्शन बहुत अच्छा रहा। रेलवे ने 167 करोड़ टन का रिकॉर्ड कार्गो लोड किया और लगभग 7.41 अरब यात्रियों को सफर कराया है।

Back to top button