
अयोध्या धाम पहुंचीं यामी गौतम; रामलला और हनुमान गढ़ी का लिया आशीर्वाद
Yami Gautam Ayodhya Visit: बॉलीवुड की अभिनेत्री यामी गौतम (Yami Gautam Dhar) अपनी हॉरर-कॉमेडी फिल्म ‘नई नवेली’ (Nayyi Navelli) की रिलीज से पहले प्रभु श्री राम की नगरी अयोध्या धाम पहुंचीं।
भक्ति और आस्था से सराबोर अभिनेत्री ने नवभव्य श्री राम जन्मभूमि मंदिर में विराजमान रामलला के दर्शन कर अपनी नई फिल्म की सफलता और समृद्धि की कामना की। इसके साथ ही उन्होंने प्रसिद्ध सिद्धपीठ हनुमान गढ़ी पहुंचकर संकटमोचन श्री हनुमान जी का आशीर्वाद भी प्राप्त किया।
पारंपरिक लुक में ढलीं यामी
अयोध्या धाम यात्रा के दौरान यामी गौतम बेहद खूबसूरत और सादगी से भरे पारंपरिक लुक में नजर आईं। पीले रंग की बेहद सुंदर साड़ी पहने अभिनेत्री का यह सात्विक अवतार श्रद्धालुओं और फैंस को खूब पसंद आया। राम मंदिर परिसर में दर्शन के दौरान उनके चेहरे की चमक और आत्मविश्वास साफ बयां कर रहा था कि वह अपनी नई सिनेमाई पारी को लेकर कितनी उत्साहित हैं।
अयोध्या दर्शन के दौरान यामी ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि किसी भी नए कार्य या जीवन के महत्वपूर्ण पड़ाव की शुरुआत भगवान श्री राम के पावन चरणों में नतमस्तक होकर ही होनी चाहिए। राम नगरी में आकर जो शांति और अलौकिक ऊर्जा महसूस होती है, वह शब्दों में बयां नहीं की जा सकती।
हॉरर-कॉमेडी ‘नई नवेली’
बात करें फिल्म की तो आदित्य धर के प्रोडक्शन में बनी ‘नई नवेली‘ एक अनूठी फैंटेसी और हॉरर-कॉमेडी ड्रामा है, जो 16 अक्टूबर को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। इस फिल्म में यामी गौतम ‘मोहिनी’ नाम की एक नई-नवेली दुल्हन का किरदार निभा रही हैं, जिसके इर्द-गिर्द कई रहस्यमयी और मजेदार घटनाएं घूमती हैं।
फिल्म के ट्रेलर को दर्शकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला है और अब रामलला के आशीर्वाद के बाद मेकर्स को उम्मीद है कि यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर नए रिकॉर्ड कायम करेगी।





