
UP News: जल निगम में नौकरी दिलाने का झांसा देकर ठगी, मांगा रुपये तो सीने पर तानी राइफल!
Sultanpur News: उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले में सरकारी नौकरी पाने की चाहत में एक परिवार ठगी का शिकार हो गया है। जल निगम में नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये ऐंठने और जब पीड़ित ने अपने पैसे वापस मांगे तो उसे राइफल दिखाकर जान से मारने की धमकी देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर मुख्य आरोपी और उसकी पत्नी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा ठगी का मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित अमित पांडेय की मुलाकात वर्ष 2020 में शशांक पांडेय नामक व्यक्ति से हुई थी। धीरे-धीरे मेलजोल बढ़ने के बाद शशांक ने अमित को विश्वास दिलाया कि वह उनके भाई अतुल कुमार पांडेय को नगर निगम या जल निगम में सरकारी नौकरी दिला सकता है। इसी झांसे में आकर पीड़ित ने आरोपी के बताए बैंक खाते में 24 जून 2020 को एक लाख रुपये ट्रांसफर किए। इसके बाद 31 जुलाई 2020 को 30 हजार रुपये और दिए गए।
शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने वर्ष 2020 के भीतर ही ज्वाइनिंग लेटर मिलने का वादा किया था, लेकिन समय बीतने के बाद भी नौकरी नहीं मिली। इसके बाद 20 अगस्त 2020 को घर जाकर एक लाख 70 हजार रुपये और दिए गए, जिससे कुल रकम तीन लाख रुपये हो गई।
बहानेबाजी का दौर, फिर दी धमकी
जब पीड़ित ने नौकरी या पैसे वापस मांगे, तो आरोपियों ने कोरोना काल (कोविड) का हवाला देकर छह महीने का और समय मांग लिया। कभी विभाग में नई वैकेंसी न होने तो कभी प्रक्रिया में तीन-चार साल लगने की बात कहकर टालमटोल किया जाता रहा। मामला साल 2025 के अंतिम महीनों तक खिंचता चला गया और मार्च 2026 तक ज्वाइनिंग का भरोसा दिया गया।
अप्रैल 2026 में जब पीड़ित ने दोबारा संपर्क किया, तो शशांक की पत्नी सोनिया पांडेय ने बात संभाली और दो-तीन महीने का समय मांगते हुए कहा कि यदि नौकरी नहीं लगी तो वह पैसे लौटा देंगी। लेकिन जब जून महीने में पीड़ित अपनी रकम वापस मांगने उनके घर पहुंचा, तो आरोपी दंपति ने अपने दरवाजे बंद कर लिए।
आरोप है कि शशांक पांडेय ने गुस्से में आकर अपनी राइफल निकाली और पीड़ित के सीने पर तान दी। साथ ही चेतावनी दी कि यदि दोबारा पैसे मांगे तो जान से मार दिए जाओगे। वहीं, सोनिया पांडेय पर भी मामले को सार्वजनिक करने पर गंभीर झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी देने का आरोप है।
नगर कोतवाल सुरेश नारायण मिश्र ने इस मामले में मुकदमा दर्ज किए जाने की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।





