ग्रेटर नोएडा में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत, रात में नूडल्स खाकर सोए थे

Greater Noida News: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा स्थित रबूपुरा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। नगला श्री पदम गांव में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

मृतकों में पति-पत्नी और उनके तीन मासूम बच्चे शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में चाय और नूडल्स (मैगी) खाने के बाद फूड पॉइजनिंग होने की आशंका जताई जा रही है।

रात में खाई थी मैगी और चाय

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक महेश (37 वर्ष), उनकी पत्नी ललिता (35 वर्ष) और उनके तीन बच्चे लड्डू (11 वर्ष), मिष्टी (7 वर्ष) और साक्षात (3 वर्ष) शुक्रवार रात गांव में लगा मेला देखकर घर लौटे थे। घर आने के बाद रात करीब 10 बजे परिवार ने चाय और मैगी बनाकर खाई और सोने चले गए।

शनिवार सुबह जब काफी देर तक घर में कोई हलचल नहीं हुई, तो परिजनों व पड़ोसियों ने अंदर जाकर देखा। कमरे के भीतर पांचों सदस्य अचेत अवस्था में पड़े हुए थे। आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई।

ये भी पढ़े- UP News: जल निगम में नौकरी दिलाने का झांसा देकर ठगी, मांगा रुपये तो सीने पर तानी राइफल!

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उच्चाधिकारी, फॉरेंसिक टीम और खाद्य सुरक्षा विभाग (Food Safety Department) की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं, वहीं खाद्य सुरक्षा विभाग ने घर में बने खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिए हैं।

डीसीपी व पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शवों का पंचनामा भरकर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया मामला फूड पॉइजनिंग का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत की सटीक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विसरा जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।

ये भी पढ़े- डिवाइडर से टकराई ऑक्सीजन सिलेंडर से भरी पिकअप, केबिन में फंसे दो लोग…

Back to top button