
श्रद्धा दुबे केस पर बोले अखिलेश यादव- ये साधारण मामला नहीं, सरकार को ले डूबेगा
Shraddha Dubey Case: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बहुचर्चित कारोबारी शिवा शर्मा हत्याकांड और मॉडल श्रद्धा दुबे (Model Shraddha Dubey) के फरार होने के मामले ने अब बड़ा राजनीतिक रूप ले लिया है।
इस मुद्दे पर समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने मंगलवार को योगी सरकार पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि यह कोई साधारण आपराधिक मामला नहीं है, बल्कि यह केस ‘सरकार को ले डूबेगा’।
अखिलेश यादव ने क्या कहा?
सपा मुख्यालय में मीडिया को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने इस मामले की गंभीरता की ओर इशारा किया। उन्होंने कारोबारी की हत्या के इतने दिनों बाद भी मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे की गिरफ्तारी न होने पर सवाल उठाए और इस घटना को कानपुर के कुख्यात ‘बिकरू कांड’ से जोड़ने की कोशिश की।
अखिलेश यादव ने कहा: “उस समय (बिकरू कांड में) भी गाड़ी नहीं पलटी थी, बल्कि सरकार को पलटाने से बचाया गया था। यह (श्रद्धा दुबे) मामला भी बिल्कुल उसी तरह का है। यह कोई सामान्य मामला नहीं है, यह मामला सरकार को ले डूबेगा।”
‘रसूखदारों’ से कनेक्शन पर उठ रहे सवाल
माना जा रहा है कि अखिलेश यादव का यह बयान उन हालिया रिपोर्ट्स और अटकलों पर आधारित है, जिनमें यह दावा किया गया था कि फरार मॉडल श्रद्धा दुबे के संबंध शहर के कई रसूखदारों और नामचीन हस्तियों से हैं।
फरार होने के बाद श्रद्धा ने अपना एक वीडियो जारी किया था, जिसमें उसने इशारों में कहा था कि उसका नाम बड़े लोगों और रसूखदारों से न जोड़ा जाए। इसके अलावा, मृतक कारोबारी शिवा शर्मा को धमकाते हुए श्रद्धा का एक पुराना वीडियो भी वायरल हुआ था, जिसमें वह किसी ‘सर’ (Sir) से उसकी शिकायत करने की धमकी दे रही थी। अखिलेश यादव ने मीडिया पर भी निशाना साधते हुए कहा कि मीडिया का एक धड़ा श्रद्धा के साथ है और दूसरा उसके खिलाफ।
पुलिस की किरकिरी और अधिकारियों पर एक्शन
इस मामले में पुलिस की कार्यशैली पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। पुलिस 11 दिन बाद भी 50 हजार की इनामी आरोपी श्रद्धा दुबे को गिरफ्तार नहीं कर पाई है, जबकि वह लगातार अपने वीडियो जारी कर रही है। रविवार को एक न्यूज़ एजेंसी को इंटरव्यू देने के बाद पुलिस की भारी फजीहत हुई।
इस किरकिरी के बाद पुलिस महकमे में बड़ा एक्शन भी देखने को मिला है:
-
हजरतगंज इंस्पेक्टर लाइन हाजिर: सबसे पहले हजरतगंज थाने के इंचार्ज इंस्पेक्टर विक्रम सिंह को हटाया गया।
-
DCP विक्रांत वीर पर गाज: डीसीपी (DCP) विक्रांत वीर को पद से हटाकर डीजीपी मुख्यालय से संबद्ध कर दिया गया है।
-
ACP का ट्रांसफर: इलाके के एसीपी रजनीश वर्मा को हजरतगंज से हटाकर एसीपी क्राइम के पद पर भेज दिया गया है।
यह भी पढ़ें…
फैजुल्लागंज में बाढ़ पीड़ितों के लिए खुला कैंप कार्यालय, रोज सुनी जाएंगी शिकायतें…
क्या है पूरा मामला? (Shraddha Dubey Case)
9 अक्टूबर को लखनऊ में कारोबारी शिवा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मॉडल श्रद्धा दुबे के फ्लैट से गिरकर मौत हो गई थी। मृतक कारोबारी की मां ने श्रद्धा, उसकी बहन और दो अन्य लोगों के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए एफआईआर (FIR) दर्ज कराई है। मां का आरोप है कि उनके बेटे को छत से धक्का देकर मारा गया है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है और फरार मॉडल की तलाश में जुटी है।\
यह भी पढ़ें…





