प्रेमिका के साथ होटल में ठहरा था दो बच्चों का पिता, शक्तिवर्धक दवा की ओवरडोज से मौत

Haldwani Hotel Case: नैनीताल जिले के हल्द्वानी शहर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। शहर के रामपुर रोड स्थित एक होटल में दिल्ली से आई अपनी शादीशुदा महिला मित्र के साथ ठहरे 32 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

शुरुआती पुलिस जांच और फोरेंसिक विशेषज्ञों की राय के अनुसार, युवक की मौत शक्तिवर्धक दवाओं (Sex Power Medicines) की अत्यधिक खुराक (ओवरडोज) लेने की वजह से होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने होटल के कमरे से दवाएं बरामद कर महिला को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है।

दिल्ली से मिलने आई थी महिला मित्र

प्राप्त विवरण के अनुसार, मृतक युवक गौला गेट (राजपुरा) का निवासी था और पेशे से डेंटिंग-पेंटिंग का काम करता था। उसकी शादी कई साल पहले हो चुकी थी और उसके बच्चे भी हैं। वहीं, दिल्ली में रहने वाली 30 वर्षीय शादीशुदा महिला से उसकी पुरानी दोस्ती और प्रेम प्रसंग चल रहा था।

मंगलवार शाम को महिला बस में सवार होकर दिल्ली से युवक से मिलने हल्द्वानी पहुंची थी। दोनों ने शहर के एक होटल में कमरा लिया था। बताया जा रहा है कि देर रात युवक ने ब्रांडेड शक्तिवर्धक दवाओं का सेवन कर लिया, जिसके कुछ ही देर बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी और वह अचेत होकर गिर पड़ा।

डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

आधी रात को युवक की हालत गंभीर होते देख महिला ने तुरंत होटल स्टाफ की मदद मांगी। आनन-फानन में युवक को इलाज के लिए पास के डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। फोरेंसिक विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. एके सिंह ने बताया कि प्राथमिक तौर पर शक्तिवर्धक दवाओं के ओवरडोज से ही मौत की संभावना लग रही है, हालांकि स्पष्ट कारण विसरा जांच और विस्तृत पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आ पाएगा।

पुलिस कर रही है जांच

कोतवाली थाना पुलिस की पूछताछ में यह सामने आया है कि मृतक और महिला दोनों शादीशुदा हैं और दोनों के बच्चे हैं। दोनों के बीच शादी से पहले से ही जान-पहचान थी और महिला समय-समय पर उससे मिलने हल्द्वानी आती रहती थी। इस रिश्ते को लेकर युवक के घर में पहले भी विवाद होने की बात सामने आई है।

एसएचओ विजय सिंह मेहता के मुताबिक, महिला को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है और होटल के सीसीटीवी फुटेज व अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस परिजनों की तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।

Back to top button