AK-47 से फायरिंग करना पड़ा भारी, छत्तीसगढ़ की IPS अंकिता शर्मा पर एक्शन

IPS Ankita Sharma Notice: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जिले की पुलिस अधीक्षक (SP) और आईपीएस अधिकारी अंकिता शर्मा (IPS Ankita Sharma) मुश्किलाें में घिर गई हैं। विजय दशमी (दशहरा) के पावन अवसर पर पुलिस लाइन में पारंपरिक ‘शस्त्र पूजा’ के बाद अत्याधुनिक हथियार AK-47 से हवा में ताबड़तोड़ फायरिंग करने का उनका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था।

इस मामले को गंभीरता से लेते हुए छत्तीसगढ़ पुलिस मुख्यालय ने अब सख्त कदम उठाते हुए आईपीएस अधिकारी को आधिकारिक तौर पर कारण बताओ (शो-कॉज) नोटिस जारी किया है।

क्या है पूरा मामला ?

दशहरा के दिन राजनांदगांव की एसपी अंकिता शर्मा का एक वीडियो सामने आया था, जिसमें वह साड़ी पहने हुए पारंपरिक अंदाज के बाद एक स्वचालित हथियार AK-47 से कई राउंड फायर करती नजर आ रही थीं। यह वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर कुछ ही घंटों में वायरल हो गया, जिसे लाखों लोगों ने देखा।

वीडियो सामने आने के बाद सुरक्षा प्रोटोकॉल, पुलिस बल की गरिमा और आधिकारिक हथियारों के सार्वजनिक प्रदर्शन को लेकर तीखी बहस छिड़ गई। पूर्व सैन्य अधिकारियों, पुलिस दिग्गजों और सोशल मीडिया यूजर्स ने हथियार संचालन के तौर-तरीकों और सुरक्षा मानकों की अनदेखी को लेकर सवाल खड़े किए। हालांकि, कई लोगों ने उनके समर्थन में यह भी तर्क दिया कि यह पारंपरिक अनुष्ठानों का हिस्सा है और वह एक प्रशिक्षित आईपीएस अधिकारी हैं।

ये भी पढ़े- चार राज्यों समेत विधान परिषद चुनाव के लिए UP की 11 सीटों पर मतदान जारी

पुलिस मुख्यालय ने जताई चिंता

विवाद बढ़ने के बाद छत्तीसगढ़ पुलिस मुख्यालय ने इस घटना को पुलिस बल की गरिमा और अनुशासन के खिलाफ माना है। मुख्यालय का मानना है कि इस तरह के कृत्यों से सुरक्षा नियमों की अनदेखी का गलत संदेश जाता है। इसी के चलते विभाग ने कड़ा रुख अपनाते हुए एसपी अंकिता शर्मा से स्पष्टीकरण मांगा है।

राजनांदगांव रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (IG) अजय यादव ने मीडिया को जानकारी दी है कि आईपीएस अधिकारी की तरफ से जवाब मिलने के बाद उस पर अपनी टिप्पणियां दर्ज की जाएंगी और पूरे मामले को आगे की आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस मुख्यालय भेज दिया जाएगा।

ये भी पढ़े- जिसकी जितनी हिस्सेदारी, उसकी उतनी भागीदारी’, हसीब खान ने उठाई 100 सीटों की मांग…

Back to top button