
चक्रवाती तूफान अर्नब ने लिया भीषण रूप,कई राज्यों में अलर्ट
India Meteorological Department (IMD) Delhi: भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ को लेकर चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग ने बताया कि चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ पिछले 6 घंटों के दौरान 23 किमी प्रति घंटे की गति से पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ा है। यह और अधिक तीव्र होकर एक ‘अत्यंत भीषण चक्रवाती तूफान’ में बदल गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी-मध्य और सटे दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना गहरा दबाव लगभग पश्चिम की ओर बढ़ा और अब एक चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ में बदल गया। भारतीय समयानुसार सोमवार सुबह 5.30 बजे यह तूफान पूर्वी-मध्य और उससे सटे पश्चिमी-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर केंद्रित था।
यह स्थान श्री विजय पुरम (अंडमान द्वीप समूह) से लगभग 590 किमी उत्तर-पश्चिम में, विशाखापत्तनम (आंध्र प्रदेश) से 650 किमी पूर्व-दक्षिण-पूर्व में, काकीनाडा (आंध्र प्रदेश) से 730 किमी पूर्व-दक्षिण-पूर्व में, मछलीपट्टनम (आंध्र प्रदेश) से 830 किमी पूर्व में और बापटला (आंध्र प्रदेश) से 910 किमी पूर्व में स्थित था । मंगलवार को मौसम विभाग ने जानकारी दी कि पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में मौजूद भीषण चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ पिछले 6 घंटों के दौरान 23 किमी प्रति घंटे की गति से पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ा है और अत्यंत भीषण चक्रवाती तूफान में बदल गया है।
आईएमडी ने बताया कि सोमवार रात 11.30 बजे यह तूफान इसी क्षेत्र में, 15.9 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 86.0 डिग्री पूर्वी देशांतर के पास केंद्रित था। यह स्थान गोपालपुर (ओडिशा) से 400 किमी दक्षिण-दक्षिण-पूर्व, विशाखापत्तनम (आंध्र प्रदेश) से 350 किमी दक्षिण-पूर्व, काकीनाडा (आंध्र प्रदेश) से 420 किमी पूर्व-दक्षिण-पूर्व, मछलीपट्टनम (आंध्र प्रदेश) से 520 किमी पूर्व, बापटला (आंध्र प्रदेश) से 590 किमी पूर्व और श्री विजय पुरम (अंडमान द्वीप समूह) से 870 किमी पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर स्थित है।
वैज्ञानिकों के अनुसार, चक्रवात के मंगलवार की शाम तक पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते रहने की प्रबल संभावना है। इसके बाद, इसके उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर मुड़ने और 28 अक्टूबर की सुबह तक आंध्र प्रदेश और यनम के तटों को पार करने की संभावना है। यह तूफान बापटला और विशाखापत्तनम के बीच, यनम के निकट से गुजरेगा। उस समय यह एक ‘अत्यंत भीषण चक्रवाती तूफान’ के रूप में होगा, जिसमें हवा की निरंतर गति 115-125 किमी प्रति घंटा होगी, और झोंकों के साथ यह गति 140 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।





