UP में 1.27 करोड़ हिंदू वोटरों के नाम लिस्ट से गायब, CM योगी ने कार्यकर्ताओं को दिए निर्देश

UP Voter List: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आयोजित भारतीय जनता पार्टी (BJP) की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मतदाता सूची को लेकर चौंकाने वाला दावा किया है। सीएम योगी ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य की वर्तमान मतदाता सूची से करीब 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम गायब हैं।

उन्होंने इस विसंगति को चुनावी गणित के लिहाज से बेहद गंभीर बताते हुए सभी सांसदों, विधायकों और संगठन के पदाधिकारियों को तुरंत अलर्ट मोड पर काम करने के सख्त निर्देश दिए हैं।

‘विधानसभाओं पर पड़ रहा असर’

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि जनसंख्या के मौजूदा अनुमान के अनुसार उत्तर प्रदेश में कुल मतदाताओं की संख्या 16 करोड़ से अधिक होनी चाहिए, जबकि निर्वाचन आयोग की मौजूदा सूची में यह आंकड़ा महज 13 करोड़ के आसपास ही दर्ज है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची से इतने बड़े पैमाने पर नाम छूटने के कारण नगरीय निकायों की लगभग 28 सीटों पर पार्टी कमजोर स्थिति में पहुंची है।

इसके अलावा, प्रदेश की 45 ऐसी विधानसभा सीटें हैं जहां हार-जीत का अंतर बेहद कम रहा है। सीएम ने कहा कि दूसरे राज्यों से शादी होकर यूपी आई बहुओं और नई पीढ़ी के युवाओं के नाम भी बड़े पैमाने पर मतदाता सूची में जुड़ने से रह गए हैं।

ये भी पढ़े- ‘यूपी में भाजपा सरकार अंगद का पैर’, अमित शाह ने 2027 चुनाव के लिए किया बड़ा ऐलान…

घर-घर अभियान चलाने का निर्देश

बैठक के दौरान सीएम योगी ने एक और तकनीकी खामी की ओर ध्यान आकर्षित कराया। उन्होंने बताया कि राज्य में करीब 66 लाख मतदाता ऐसे हैं जिनके नाम सिर्फ पंचायत चुनाव की मतदाता सूची में तो दर्ज हैं, लेकिन विधानसभा और लोकसभा चुनाव की मुख्य मतदाता सूची से पूरी तरह नदारद हैं।

इस स्थिति से निपटने के लिए मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि पार्टी कार्यकर्ता मान-सम्मान की चिंता छोड़ घर-घर जाएं और एक-एक पात्र नागरिक का नाम वोटर लिस्ट में शामिल कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने 1.63 लाख से अधिक बूथों पर सक्रियता बढ़ाने और अभियान की नियमित समीक्षा करने के भी आदेश दिए हैं।

ये भी पढ़े- CM Yogi से मिले नारद महाराज, यथार्थ गीता भेंट कर स्वामी अड़गड़ानंद जी से कराई बात

कार्यसमिति की बैठक में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी का एकमात्र लक्ष्य सुशासन और राष्ट्रहित है।

उन्होंने विश्वास जताया कि संगठन की बूथ स्तर की मजबूती और कार्यकर्ताओं के कड़े परिश्रम के बल पर वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव और वर्ष 2029 के लोकसभा चुनाव में पार्टी एक बार फिर प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सोशल मीडिया के सभी प्रमुख माध्यमों पर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का आह्वान किया।

ये भी पढ़े-UP चुनाव के लिए BJP का ‘मिशन-2027’, लखनऊ में अमित शाह देंगे जीत का मंत्र

Back to top button