
Stock Market: बाजार में धुआंधार तेजी जारी, Reliance के शेयर में बंपर उछाल
Stock Market Today: हफ्ते के पहले कारोबारी दिन यानी सोमवार को भारतीय शेयर बाजार में जबरदस्त रौनक देखने को मिली। निवेशकों के लिए आज का दिन बेहद शानदार रहा क्योंकि बाजार खुलते ही प्रमुख सूचकांक रॉकेट की रफ्तार से भागे।
सेंसेक्स 1,059.47 अंक (1.42%) की जबरदस्त छलांग के साथ 75,519.00 के नए स्तर पर पहुंच गया है, वहीं निफ्टी 50 भी 294.65 अंक (1.27%) की मजबूती के साथ 23,347.75 के पार ट्रेड कर रहा है। रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) के शानदार नतीजों और बाजार के चौतरफा सपोर्ट से निवेशकों का जोश हाई बना हुआ है।
रिलायंस इंडस्ट्रीज ने चौकाया
रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर आज शानदार तेजी दिखा रहा है। इसका शेयर करीब 4.5 फीसदी उछला है। BSE पर 1163.55 रुपये के पिछले क्लोजिंग लेवल के मुकाबले ये 1227.40 रुपये पर खुला है और 1234 रुपये तक (करीब 6 फीसदी की तेजी) चढ़ा है। करीब साढ़े 9 बजे ये शेयर 51.45 रुपये या 4.42 फीसदी की मजबूती के साथ 1215 रुपये पर है।
शेयर में तेजी के पीछे रिलायंस और जियो के शानदार नतीजे माने जा रहे हैं। कंपनी ने शुक्रवार शाम को तिमाही नतीजे जारी किए थे, जिनका असर उम्मीद के मुताबिक आज इसके शेयर पर दिख रहा है। कई ब्रोकरेज फर्म्स ने शेयर पर दांव लगाने की भी सलाह दी है।
इन शेयरों में मजबूत खरीदारी
बाजार की इस तेजी में देश की सबसे बड़ी कंपनियों में शुमार रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) के शेयरों में आई भारी तेजी का सबसे बड़ा योगदान रहा। स्थिर तिमाही नतीजों और अन्य कारोबारी अपडेट्स के बाद आरआईएल के शेयरों में जबरदस्त लिवाली देखी गई, जिससे अकेले इस शेयर ने सूचकांक को ऊपर खींचने में अहम भूमिका निभाई।
मेटल और बैंकिंग शेयर चमके
आज के कारोबार में चौतरफा खरीदारी देखने को मिली। मेटल सेक्टर में जोरदार तेजी दर्ज की गई, जिसमें टाटा स्टील, जिंदल स्टील और नाल्को जैसे शेयर प्रमुख बढ़त लेने वालों में शामिल रहे। इसके अलावा बैंकिंग और ऑटो सेक्टर के शेयरों में भी निवेशकों ने गहरी रुचि दिखाई, जिससे बाजार को मजबूत सपोर्ट मिला।
कच्चे तेल में नरमी
अंतरराष्ट्रीय बाजार से मिल रहे सकारात्मक संकेतों और कच्चे तेल (Crude Oil) की कीमतों में आई नरमी ने घरेलू निवेशकों का उत्साह बढ़ाया है। कमोडिटी मार्केट में स्थिरता और विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) के रुख में आए सकारात्मक बदलाव के कारण दलाल स्ट्रीट पर सुस्ती के बादल छटते नजर आ रहे हैं।
घरेलू निवेशकों का भरोसा
देश के भीतर जीएसटी संग्रह के मजबूत आंकड़ों और अर्थव्यवस्था की गति को लेकर निवेशकों का भरोसा लगातार बना हुआ है। हालांकि वैश्विक अनिश्चितताएं और जोखिम अभी पूरी तरह टले नहीं हैं, लेकिन आकर्षक वैल्यूएशन और चुनिंदा ब्लू-चिप शेयरों में निवेश आने के कारण बाजार शॉर्ट-कवरिंग और नई लिवाली के बल पर मजबूत स्थिति में दिखाई दे रहा है। जानकारों का मानना है कि यदि सकारात्मक वैश्विक रुझान बरकरार रहे, तो बाजार का यह जोश आगे भी जारी रह सकता है।





