Punjab चुनाव से पहले ‘आप’ को झटका, तीन विधायकों ने थामा BJP का दामन

Punjab Politics: पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की सुगबुगाहट के बीच सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (AAP) को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। अमृतसर उत्तरी (Amritsar North) विधानसभा सीट से विधायक और पूर्व आईपीएस अधिकारी कुंवर विजय प्रताप सिंह (Kunwar Vijay Pratap Singh) ने पंजाब विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना त्यागपत्र पंजाब विधानसभा के अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां को प्रेषित कर दिया है।

सोशल मीडिया पर साझा किया इस्तीफा

पूर्व आईपीएस अधिकारी कुंवर विजय प्रताप सिंह ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल के जरिए अपने इस्तीफे की जानकारी सार्वजनिक की। उन्होंने लिखा कि वे 1 नवंबर 2026 के प्रभाव से अपनी विधानसभा सदस्यता छोड़ रहे हैं। उन्होंने अमृतसर की जनता का धन्यवाद करते हुए कहा कि क्षेत्र के लोगों ने उन्हें जो प्यार और सम्मान दिया, उसके लिए वे जीवन भर आभारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि एक विधायक के रूप में उन्होंने अपने तय लक्ष्यों में से 90 प्रतिशत काम पूरे किए हैं और अमृतसर के मुद्दों को सदन में प्रमुखता से उठाया है।

24 घंटे के भीतर ‘आप’ को तीसरा झटका

गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी द्वारा आगामी विधानसभा चुनावों के लिए उम्मीदवारों की पहली सूची (40 प्रत्याशी) जारी किए जाने के ठीक बाद पार्टी के भीतर बगावत के सुर तेज हो गए थे। कुंवर विजय प्रताप सिंह से ठीक पहले पटियाला जिले की सनाउर सीट से विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा और समाना से विधायक व पूर्व मंत्री चेतन सिंह जोड़ामाजरा ने भी पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। दो दिनों के भीतर तीन विधायकों के इस कदम से राज्य की राजनीति में भूचाल आ गया है।

वर्ष 2021 में पुलिस सेवा से समय से पूर्व सेवानिवृत्ति (VRS) लेकर आम आदमी पार्टी में शामिल हुए कुंवर विजय प्रताप सिंह 2022 के चुनावों में अमृतसर उत्तरी से विधायक चुने गए थे।

हालांकि, सरकार बनने के बाद बरगाड़ी बेअदबी मामले और अन्य प्रशासनिक मुद्दों पर अपनी ही सरकार और मुख्यमंत्री भगवंत मान की कार्यप्रणाली के खिलाफ खुलकर बयानबाजी करने के चलते उन्हें जून 2025 में 5 साल के लिए पार्टी से निलंबित कर दिया गया था। अब चुनाव से ठीक पहले उनके इस्तीफे ने पंजाब की राजनीति में नए समीकरणों को जन्म दे दिया है।

Back to top button