रिंकू सिंह के परिवार ने CM योगी से की मुलाकात, प्रिया सरोज संग शादी का दिया न्योता

Rinku Singh Wedding Invitation: भारतीय क्रिकेट टीम के विस्फोटक बल्लेबाज रिंकू सिंह (Rinku Singh) और उत्तर प्रदेश की मछलीशहर लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज (Priya Saroj) जल्द ही विवाह के बंधन में बंधने जा रहे हैं।

दोनों की शादी की तैयारियां जोरों पर हैं और इसी कड़ी में रिंकू सिंह के परिजनों ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) से शिष्टाचार मुलाकात कर उन्हें विवाह समारोह में शामिल होने का निमंत्रण दिया है।

परिवार ने सीएम आवास पर दिया न्योता

शुक्रवार को रिंकू सिंह की माता बीना देवी, भाई सोनू सिंह और बहन नेहा सिंह राजधानी लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सरकारी आवास पर पहुंचे। इस दौरान परिवार के सदस्यों ने मुख्यमंत्री से भेंट की और उन्हें रिंकू व प्रिया के विवाह समारोह का निमंत्रण पत्र (Wedding Invitation Card) भेंट किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने परिवार से आत्मीय बातचीत की और आगामी मांगलिक कार्यक्रम के लिए अपनी हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

रामाडा होटल में संपन्न होगा विवाह

पारिवारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, रिंकू सिंह और प्रिया सरोज आगामी 4 दिसंबर 2026 को लखनऊ के प्रतिष्ठित रामाडा होटल (Ramada Hotel) में सात फेरे लेंगे। शादी की तारीख तय होने के बाद से ही दोनों परिवारों में तैयारियों का सिलसिला तेज हो गया है। इस हाई-प्रोफाइल विवाह समारोह में परिवार के सदस्यों और करीबी रिश्तेदारों के अलावा भारतीय क्रिकेट जगत और देश-प्रदेश की राजनीति की कई दिग्गज हस्तियों के शामिल होने की उम्मीद जताई जा रही है।

ऐसे शुरू हुई थी लव स्टोरी

गौरतलब है कि रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की सगाई पिछले साल 8 जून 2025 को लखनऊ के ‘द सेंटरम’ होटल में संपन्न हुई थी, जिसके करीब डेढ़ साल बाद अब दोनों परिणय सूत्र में बंधने जा रहे हैं। रिंकू सिंह ने एक साक्षात्कार के दौरान अपनी प्रेम कहानी का जिक्र करते हुए बताया था कि कोविड-19 महामारी के दौरान जब मुंबई में आईपीएल खेला जा रहा था, तब उन्होंने एक फैन पेज पर प्रिया सरोज की तस्वीर देखी थी।

बाद में प्रिया द्वारा सोशल मीडिया पर रिंकू की कुछ तस्वीरों को लाइक किए जाने के बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई, जो समय के साथ गहरे प्यार और रिश्ते में बदल गई।

जहां एक ओर रिंकू सिंह आईपीएल और टीम इंडिया के लिए अपने शानदार प्रदर्शन से देशभर में मशहूर हैं, वहीं प्रिया सरोज वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में सपा के टिकट पर जीत हासिल कर उत्तर प्रदेश की सबसे युवा सांसदों में शुमार हुई थीं। वे केराकत से सपा विधायक तूफानी सरोज की पुत्री हैं।

Back to top button