
US में Air Traffic Communication System ठप, देशभर में घंटों रुकी रहीं उड़ानें
गृह सुरक्षा मंत्री ने साइबर हमले से किया इनकार:US
Washington US: अमेरिका के क्षेत्रीय हवाई यातायात नियंत्रण (Air Traffic Control) केंद्रों के बीच संचार प्रणाली में अचानक आई गंभीर तकनीकी खराबी के कारण पूरे देश का हवाई यातायात थम गया। सुरक्षा कारणों के चलते संघीय विमानन प्रशासन (FAA) ने पूरे अमेरिका में असाधारण कदम उठाते हुए देशव्यापी ‘ग्राउंड स्टॉप’ (सभी प्रस्थान करने वाली उड़ानों को जमीन पर रोकने का आदेश) लागू कर दिया। हालांकि, घंटों की मशक्कत और प्रणाली के बहाल होने के बाद अब धीरे-धीरे उड़ानों पर लगी पाबंदियों में ढील दी जा रही है।
साल 2023 के बाद पहली बार लगा देशव्यापी ‘ग्राउंड स्टॉप’ दोपहर 3:53 बजे शुरू हुई दिक्कत: आधिकारिक जानकारी के अनुसार, पूर्वी अमेरिकी समयानुसार शुक्रवार दोपहर 3:53 बजे दूरसंचार व्यवस्था में गड़बड़ी शुरू हुई, जिसके ठीक एक मिनट बाद (3:54 बजे) एफएए ने एडवाइजरी जारी कर सभी प्रस्थान करने वाली उड़ानों पर रोक लगा दी। दुर्लभ और असामान्य कदम: अमेरिकी विमानन इतिहास में ऐसा कदम बेहद दुर्लभ माना जाता है। इससे पहले जनवरी 2023 में एफएए के कंप्यूटर सिस्टम (NOTAM) में खराबी आने पर और उससे पहले 11 सितंबर 2001 के आतंकी हमलों के बाद पूरे देश में उड़ानें रोकी गई थीं। हवा में मौजूद विमान सुरक्षित रहे: ‘ग्राउंड स्टॉप’ के दौरान जो विमान पहले से हवा में थे, उन्हें सुरक्षित उनके गंतव्य तक जाने दिया गया, जबकि आने वाली अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का प्रबंधन मामला-दर-मामला आधार पर किया गया।
यात्रियों के लिए अलर्ट जारी: अमेरिकन एयरलाइंस और यूनाइटेड एयरलाइंस ने कहा कि अधिकांश उड़ानें प्रभावित रहने के कारण दिनभर देरी और रद्दीकरण की संभावना बनी रहेगी। वहीं, एयर इंडिया ने भी भारत-अमेरिका मार्ग के यात्रियों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी कर हवाई अड्डे के लिए निकलने से पहले अपनी उड़ान का ताजा स्टेटस जांचने की सलाह दी है। परिवहन मंत्री सीन डफी ने कहा व्हाइट हाउस ब्रीफिंग रूम में परिवहन मंत्री सीन डफी ने बताया कि संघीय सरकार ने उस तकनीकी समस्या की पहचान कर ली है, जिसकी वजह से एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम बाधित हुआ था। सिस्टम अब काम कर रहा है और एफएए के तकनीशियन इसकी गहराई से जांच कर रहे हैं।
गृह सुरक्षा मंत्री ने खारिज किया हमला: प्रेस ब्रीफिंग में गृह सुरक्षा मंत्री (होमलैंड सिक्योरिटी सेक्रेटरी) मार्कवेन मुलिन ने किसी भी तरह के साइबर अटैक या सुनियोजित हमले की आशंका को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कोई दुर्भावनापूर्ण हमला नहीं, बल्कि विशुद्ध रूप से दूरसंचार प्रणाली में आई तकनीकी खराबी (टेलीकम्युनिकेशन आउटेज) थी।
पाबंदियों में ढील शुरू, एयर इंडिया और अमेरिकी एयरलाइंस ने जारी की एडवाइजरीआंशिक रूप से परिचालन बहाल: संचार प्रणाली के फिर से चालू होने के बाद एफएए ने पाबंदियों में ढील देना शुरू कर दिया है। कुछ तटीय हवाई अड्डों से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों और चुनिंदा घरेलू उड़ानों को रवाना होने की मंजूरी मिल गई है।





