
USA के New Orleans में हादसा: Mississippi River में टैंकर ने यात्री Cruise Ship को मारी टक्कर,32 Injured
स्टीयरिंग सिस्टम में खराबी की आशंका, Coast Guard ने शुरू की जांच
130 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया
USA New Orleans Mississippi River: अमेरिका के लुइसियाना राज्य स्थित न्यू ऑरलियन्स में मिसिसिपी नदी में एक बड़ा समुद्री हादसा होते-होते टल गया। नदी में ‘अटलांटिक एस्फाल्ट’ नामक एक टैंकर जहाज ने मुसाफिरों से भरे क्रूज़ जहाज ‘अमेरिकन हेरिटेज’ को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद क्रूज़ जहाज नदी में एक तरफ खतरनाक तरीके से झुक गया। इस हादसे में 32 लोग घायल हुए हैं।
हालांकि राहत एवं बचाव दलों की त्वरित कार्रवाई से जहाज पर सवार सभी लगभग 130 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस दुर्घटना में कुल 32 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। राहत की बात यह रही कि किसी भी यात्री को जानलेवा या गंभीर चोट नहीं आई है और समय रहते सभी की जान बचा ली गई। रेस्क्यू ऑपरेशन की सराहना: विकट परिस्थितियों और जहाज के एक तरफ झुक जाने के बावजूद बिना किसी जनहानि के सभी 130 लोगों को सुरक्षित निकालने की इस सफलता को स्थानीय अधिकारियों ने ‘मिसिसिपी नदी पर चमत्कार’ करार दिया है।
हादसे की वजहों की पड़ताल: अमेरिकी कोस्ट गार्ड (US Coast Guard) की कैप्टन मेलानी बर्नहैम ने बताया कि अधिकारी इस टक्कर के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच कर रहे हैं।
तकनीकी खामी का अंदेशा: कैप्टन बर्नहैम के अनुसार, प्रारंभिक जांच में ऐसा प्रतीत होता है कि जहाज का स्टीयरिंग सिस्टम अचानक खराब हो गया था, जिसके कारण नियंत्रण खोने से यह टक्कर हुई।





