
IND vs NZ: न्यूजीलैंड टेस्ट सीरीज से बाहर हुए कुलदीप यादव, इस गेंदबाज को मिला मौका
IND vs NZ Test Squad Update: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी दो मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले भारतीय टीम (Team India) के स्क्वाड में कुछ अहम बदलाव किए हैं। भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहला टेस्ट मुकाबला 19 नवंबर 2026 से वेलिंगटन में खेला जाना है।
इससे पहले राष्ट्रीय चयन समिति ने युवा तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ (Gurnoor Brar) को टेस्ट टीम में शामिल करने का फैसला लिया है, जबकि चाइनामैन स्पिनर कुलदीप यादव (Kuldeep Yadav) को टेस्ट स्क्वाड से रिलीज कर दिया गया है।
पांचवें वनडे में नहीं खेलेंगे गुरनूर बराड़
BCCI ने शनिवार को एक आधिकारिक बयान जारी कर इन बदलावों की पुष्टि की। बोर्ड ने बताया कि राष्ट्रीय चयन समिति ने न्यूजीलैंड की परिस्थितियों और तेज गेंदबाजी आक्रमण को मजबूती देने के उद्देश्य से गुरनूर बराड़ को दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए टीम इंडिया के साथ जोड़ा है। इस फैसले के चलते बराड़ अब टेस्ट स्क्वाड के साथ जुड़ेंगे और मेजबान टीम के खिलाफ होने वाले पांचवें तथा अंतिम वनडे मैच के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे।
हालांकि, बीसीसीआई ने वनडे टीम में बराड़ के किसी विकल्प की घोषणा नहीं की है। इसके साथ ही बोर्ड ने यह भी जानकारी दी कि स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत (Rishabh Pant) वेलिंगटन पहुंच चुके हैं और उन्होंने भारतीय टेस्ट टीम के साथ अभ्यास शुरू कर दिया है।
घरेलू क्रिकेट में हिस्सा लेंगे कुलदीप
दूसरी ओर, स्पिन गेंदबाज कुलदीप यादव को टेस्ट स्क्वाड से रिलीज करने के पीछे बीसीसीआई ने स्पष्ट कारण बताया है। बोर्ड के अनुसार, कुलदीप को टीम से इसलिए रिलीज किया गया है ताकि वे स्वदेश लौटकर भारतीय घरेलू क्रिकेट में नियमित रूप से मैच खेल सकें और अपनी गेंदबाजी की धार को अधिक निखार सकें।
भारत लौटने के बाद कुलदीप यादव आगामी रणजी ट्रॉफी (Ranji Trophy) और सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी (Syed Mushtaq Ali T20 Trophy) के मुकाबलों में अपनी घरेलू टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए नजर आ सकते हैं।
ये भी पढ़े-रिंकू सिंह के परिवार ने CM योगी से की मुलाकात, प्रिया सरोज संग शादी का दिया न्योता
न्यूजीलैंड के खिलाफ भारतीय स्क्वाड
नए बदलावों के बाद न्यूजीलैंड दौरे पर दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम का पूरा स्क्वाड अब इस प्रकार है:
शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरैल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, अंशुल कंबोज, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, आकाशदीप, साई सुदर्शन, नीतिश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, मोहम्मद सिराज और गुरनूर बराड़।
ये भी पढ़े-President Murmu ने खिलाड़ियों को दिए National Sports Awards 2025





