रणवीर सिंह की ‘धुरंधर’ और ऋषभ शेट्टी की ‘कांतारा’ इंडियन पैनोरमा में चयनित

IFFI 2026 Indian Panorama: गोवा में आयोजित होने वाले 57वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (IFFI 2026) के प्रतिष्ठित इंडियन पैनोरमा (Indian Panorama) खंड के लिए चुनी गई फिल्मों की घोषणा कर दी गई है। इस वर्ष महोत्सव के इस प्रमुख खंड में भारतीय सिनेमा की विविधता को दर्शाते हुए फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा।

चयनित सूची में अभिनेता रणवीर सिंह (Ranveer Singh) अभिनीत और आदित्य धर निर्देशित फिल्म ‘धुरंधर’ (Dhurandhar), ऋषभ शेट्टी (Rishab Shetty) की ब्लॉकबस्टर प्रीक्वल फिल्म ‘कांतारा: ए लेजेंड – चैप्टर 1’ (Kantara: A Legend – Chapter 1) और मेगास्टार चिरंजीवी की तेलुगु फिल्म ‘मन शंकर वर प्रसाद गारु’ जैसे बड़े नाम से शामिल हैं।

‘धुरंधर’ होगी उद्घाटन फिल्म

इस साल भारतीय फिल्मों के वार्षिक प्रदर्शन के अंतर्गत कुल 25 फीचर फिल्में और 20 गैर-फीचर फिल्में प्रस्तुत की जाएंगी। आदित्य धर के निर्देशन में बनी हिंदी फिल्म ‘धुरंधर’ को इंडियन पैनोरमा 2026 की उद्घाटन फीचर फिल्म के रूप में चुना गया है, जबकि प्रसिद्ध फिल्म निर्माता लीना यादव की लद्दाखी भाषा की फिल्म ‘बिकमिंग’ (Becoming) गैर-फीचर श्रेणी की उद्घाटन फिल्म होगी।

राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता फिल्मकार मधुर भंडारकर (Madhur Bhandarkar) की अध्यक्षता वाली 12 सदस्यीय फीचर फिल्म जूरी ने देश भर से प्राप्त 404 प्रविष्टियों की गहन समीक्षा के बाद इन 25 फिल्मों का चयन किया है।

इसके तहत पांच फिल्मों वाले मुख्यधारा सिनेमा (Mainstream Cinema) खंड में ‘धुरंधर’ और कन्नड़ फिल्म ‘कांतारा: ए लेजेंड – चैप्टर 1’ के साथ समीर तिवारी की मराठी फिल्म ‘बाप्या’, अनिल रविपुडी की तेलुगु फिल्म ‘मन शंकर वर प्रसाद गारु’ और प्रवीण विट्ठल तारडे की मराठी फिल्म ‘देऊळ बंद 2’ को शामिल किया गया है।

क्षेत्रीय सिनेमा की समृद्ध झलक

फीचर फिल्म श्रेणी की अन्य 20 फिल्मों में क्षेत्रीय भाषाओं की दमदार उपस्थिति देखने को मिल रही है। इनमें कामाख्या नारायण सिंह की हिंदी फिल्म ‘द केरल स्टोरी 2 गोज बियॉन्ड’, भारतबाला गणपति की ‘बनारस’, अखिल सत्यन की मलयालम फिल्म ‘सर्वम माया’, पी. शेषाद्रि की कन्नड़ फिल्म ‘रूबी-क्यूब’ और सिंगीतम श्रीनिवास राव की तेलुगु फिल्म ‘सिंग गीतम’ शामिल हैं। इसके अतिरिक्त साहिल शाह की लद्दाखी फिल्म ‘बर्ड्स ऑन आइस’ और दुयु ताब्यो की निशी भाषा की फिल्म ‘उरुम’ भी इस प्रतिष्ठित सूची का हिस्सा बनी हैं।

जूरी ने नवोदित प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने वाले सर्वश्रेष्ठ पदार्पण निर्देशक (Best Debut Director) पुरस्कार के लिए भी पांच फिल्मों को शॉर्टलिस्ट किया है। इन नामांकित फिल्मों में रवि वर्मा नंबूरी की तेलुगु फिल्म ‘चेन्नई लव स्टोरी’, समर्पण सेनगुप्ता की बंगाली फिल्म ‘प्रत्याबर्तन’, जीजीविषा काले की मराठी फिल्म ‘तिघी’, राजा शब्बीर मोहम्मद खान की कश्मीरी फिल्म ‘स्लेज’ और विशाल चतुर्वेदी की हिंदी फिल्म ‘हनुमान अंश’ शामिल हैं। वहीं, महोत्सव के सर्वश्रेष्ठ वेब सीरीज (OTT) पुरस्कार के लिए भी पांच वेब सीरीज का नामांकन किया गया है।

86 देशों की फिल्मों का महाकुंभ

गैर-फीचर श्रेणी में फिल्म निर्माता और शिक्षक हिमांशु शेखर खटुआ के नेतृत्व वाली छह सदस्यीय जूरी ने 358 प्रविष्टियों में से 20 उत्कृष्ट फिल्मों का चयन किया है। इनमें भास्कर विश्वनाथन की ‘द अनसीन होली रिवर – सरस्वती’, ऐमी बरुआ की असमिया फिल्म ‘रेड कार्पेट’, सूरज कुमार की अंग्रेजी फिल्म ‘निर्मांजलि: द चंडीगढ़ ऑफ मैकिज नोविकी’ और बाबा तसद्दुक हुसैन की कश्मीरी फिल्म ‘नक्श-ए-दौर’ प्रमुख हैं।

गौरतलब है कि 20 से 28 नवंबर 2026 तक गोवा में आयोजित होने वाले नौ दिवसीय 57वें IFFI महोत्सव की थीम इस बार ‘स्टोरीज विदाउट बॉर्डर्स’ (Stories Without Borders) रखी गई है। इस भव्य अंतरराष्ट्रीय आयोजन में करीब 1,400 प्रविष्टियों में से चुनी गई 86 देशों की 159 फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी शुरुआत पोलिश फिल्म निर्माता पावेल पावलिकोस्की की फिल्म ‘फादरलैंड’ (Fatherland) से होगी।

Back to top button