
Greater Noida में महिला SI की संदिग्ध मौत, सरकारी आवास के बाथरूम में मिला शव
Greater Noida Woman SI Death: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में जारचा कोतवाली में तैनात एक युवा महिला सब इंस्पेक्टर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मंगलवार सुबह महिला दारोगा रश्मि गौतम (Rashmi Gautam) का शव कोतवाली परिसर स्थित उनके सरकारी आवास के बाथरूम में पड़ा मिला।
सहकर्मियों द्वारा उन्हें आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जांच में मौत की वजह हार्ट अटैक (Heart Attack) होने की आशंका जताई जा रही है।
बाथरूम में पड़ी मिली रश्मि
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक महिला सब इंस्पेक्टर रश्मि गौतम उत्तर प्रदेश के कानपुर (Kanpur) जिले की रहने वाली थीं और वर्तमान में जारचा कोतवाली में तैनात थीं। वह कोतवाली परिसर में बने सरकारी आवास में ही निवास कर रही थीं। मंगलवार, 17 नवंबर की सुबह जब काफी देर तक उनके कमरे का दरवाजा नहीं खुला, तो साथी पुलिसकर्मियों को संदेह हुआ।
अंदर जाकर देखने पर रश्मि गौतम बाथरूम में अचेत अवस्था में पड़ी मिलीं। इसके बाद कोतवाली के अन्य स्टाफ ने बिना देरी किए उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण के आवश्यक विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है।
2023 बैच की दारोगा थीं
बताया जा रहा है कि रश्मि गौतम वर्ष 2023 बैच की यूपी पुलिस सब इंस्पेक्टर थीं। उनकी अचानक और असमय मृत्यु की खबर मिलते ही ग्रेटर नोएडा पुलिस कमिश्नरेट और उनके सहकर्मियों के बीच शोक की लहर दौड़ गई है।
पुलिस प्रशासन की ओर से कानपुर स्थित उनके परिजनों को इस दुखद घटना की सूचना दे दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि परिजनों के पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।
ये भी पढ़े-आजम खान को Supreme Court से मिली राहत, पत्नी और बेटे की सजा पर भी रोक





