
US में तकनीकी संकट से हड़कंप! JP Morgan समेत कई बैंकों की ऑनलाइन सेवाएं ठप
JPMorgan Chase: अमेरिका में इन दिनों तकनीकी खराबी (Technical Outage) का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले हफ्ते माइक्रोसॉफ्ट के वैश्विक आउटेज और पूरे देश में विमानों के पहिए थमने के बाद, अब अमेरिका के सबसे बड़े बैंकों की ऑनलाइन सेवाएं बुरी तरह चरमरा गई हैं।
सोमवार को जेपी मॉर्गन चेज (JPMorgan Chase), बैंक ऑफ अमेरिका (Bank of America), वेल्स फार्गो (Wells Fargo) और यूएस बैंक (U.S. Bank) जैसे वित्तीय संस्थानों के ग्राहकों को अपने ऑनलाइन बैंक खातों तक पहुंचने, बैलेंस देखने और पैसों के लेनदेन करने में परेशानी का सामना करना पड़ा।
चेज बैंक पर पड़ा सबसे ज्यादा असर
आउटेज ट्रैक करने वाली प्रमुख वेबसाइट डाउनडिटेक्टर (Downdetector.com) के आंकड़ों के अनुसार, बैंकिंग सेवाओं में यह गड़बड़ी सोमवार सुबह करीब 9 बजे (भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे) शुरू हुई। इसका सबसे अधिक असर देश के सबसे बड़े बैंक चेज (Chase) पर देखा गया, जिसके खिलाफ एक ही समय में 4,829 से अधिक शिकायतें दर्ज की गईं। आधे से ज्यादा यूजर्स ने शिकायत की कि वे अपने खाते का बैलेंस या हाल के ट्रांजेक्शन नहीं देख पा रहे हैं, जबकि अन्य ग्राहक वेबसाइट या ऐप पर लॉगिन करने और वायर ट्रांसफर करने में असमर्थ थे।
इसी तरह बैंक ऑफ अमेरिका के लिए 2,000 से ज्यादा, यूएस बैंक के लिए 650 से अधिक और वेल्स फार्गो के लिए करीब 380 रिपोर्ट दर्ज की गईं। इसके अलावा कैपिटल वन और डिजिटल पेमेंट नेटवर्क जेल (Zelle) के माध्यम से भुगतान करने वाले यूजर्स को भी लेनदेन में देरी का सामना करना पड़ा। चेज के कई ग्राहकों को ऐप खोलने पर स्क्रीन पर संदेश मिला कि कुछ सेवाएं फिलहाल उपलब्ध नहीं हैं और उन्हें ठीक करने पर काम चल रहा है।
सॉफ्टवेयर बग बना वजह
बढ़ती अफवाहों के बीच जेपी मॉर्गन चेज ने आधिकारिक बयान जारी कर स्पष्ट किया है कि यह समस्या उनके ऑन-प्रिमाइस हार्डवेयर सिस्टम में आए एक सॉफ्टवेयर बग (Software Bug) के कारण उत्पन्न हुई है। बैंक के प्रवक्ता ने यह भी साफ किया कि इस घटना के पीछे किसी साइबर हमले (Cyberattack) का कोई सबूत नहीं है।
बैंक ने बताया कि चूंकि जेपी मॉर्गन अन्य बैंकों के साथ होने वाले लेनदेन में एक प्रमुख कड़ी है, इसलिए इसके सिस्टम में आई सुस्ती का असर दूसरे बैंकों के ग्राहकों के ट्रांजेक्शन पर भी पड़ा। वहीं, वेल्स फार्गो ने अपनी वेबसाइट पर नोटिस जारी कर ग्राहकों से सेवा बहाल होने तक एटीएम, बैंक शाखाओं और फोन बैंकिंग का उपयोग करने की अपील की।
एक हफ्ते में तीसरा तकनीकी संकट
अमेरिका के लिए एक सप्ताह के भीतर यह तीसरी बड़ी तकनीकी विफलता है। इससे पहले बीते शुक्रवार को फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) के एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम में संचार खराबी आने के कारण पूरे अमेरिका में उड़ानों को रोकना पड़ा था, जिससे 10,000 से ज्यादा फ्लाइट्स प्रभावित हुई थीं।
उसी दौरान माइक्रोसॉफ्ट की क्लाउड और ऑफिस सेवाओं में भी घंटों तक रुकावट रही थी, जिससे दुनिया भर के करोड़ों यूजर्स परेशान हुए थे। लगातार हो रही इन घटनाओं ने अमेरिका के डिजिटल और तकनीकी बुनियादी ढांचे की मजबूती पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।





