
Delhi में चार मंजिला मकान ढहा, मासूम बच्ची समेत दो की मौत; चार घायल
Delhi Building Collapse: राजधानी दिल्ली (Delhi) से एक बड़ी खबर आ रही है। शाहदरा जिले के विवेक विहार थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ज्वाला नगर (Jwala Nagar) इलाके में मंगलवार सुबह एक बहुमंजिला इमारत अचानक ढह गई।
इस भीषण हादसे में मलबे के नीचे दबने से एक मासूम बच्ची समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राहत-बचाव दल की टीमें मौके पर।
मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाए गए लोग
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 10:09 बजे पुलिस को विवेक विहार थाना क्षेत्र के ज्वाला नगर की गली नंबर-6 में एक इमारत के गिरने की पीसीआर कॉल मिली थी। सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस, कैट एंबुलेंस और आपदा प्रबंधन की टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गईं। हादसे के समय इमारत के अंदर कुल छह लोग मौजूद थे, जो अचानक हुए इस मलबे के ढेर में दब गए थे।
प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि राहत एवं बचाव कार्य चलाते हुए सभी छह घायलों को मलबे से बाहर निकाला गया और तुरंत नजदीकी डॉ. हेडगेवार अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद 3 साल की बच्ची खुशबू और 30 वर्षीय पिंटू को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायल चार लोगों का इलाज अस्पताल में जारी है, जिनकी स्थिति पर डॉक्टर नजर बनाए हुए हैं।
राहत दल की टीमें मौके पर मुस्तैद
घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई है। पुलिस और दमकल कर्मियों द्वारा मलबे को हटाने का काम पूरी सावधानी के साथ किया जा रहा है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि मलबे के नीचे अब कोई अन्य व्यक्ति न फंसा हो। शुरुआती तौर पर इमारत के अचानक ढहने के कारणों की जांच की जा रही है।
स्थानीय प्रशासन यह पता लगाने का प्रयास कर रहा है कि यह इमारत कितनी पुरानी थी और इसकी संरचनात्मक स्थिति (Structural Stability) कैसी थी। इस दुखद घटना के बाद से इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है।





