
CEO ने UP की Draft Voter List जारी, 13.58 Crores हुए कुल Voter
Uttar Pradesh Navdeep Rinwa Lucknow: उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची को दुरुस्त करने की कवायद तेज हो गई है। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत प्रदेश की आलेख्य मतदाता सूची जारी कर दी गई। नई सूची में कुल 13 करोड़ 58 लाख 68 हजार 905 मतदाताओं के नाम दर्ज हैं।
Chief Electoral Officer Navdeep Rinwa ने लोक भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुनरीक्षण अभियान के आंकड़े जारी करते हुए बताया कि नई ड्राफ्ट सूची में 7 करोड़ 38 लाख 58 हजार 510 पुरुष, 6 करोड़ 20 लाख 6 हजार 353 महिला और 4,042 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं। उन्होंने बताया कि 10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची में कुल मतदाताओं की संख्या के मुकाबले अब 18.84 लाख की बढ़ोतरी हुई है। आंकड़ों के मुताबिक, इस अवधि में महिला मतदाताओं की संख्या में 10 लाख 96 हजार 828 की वृद्धि हुई जबकि पुरुष मतदाताओं की संख्या 7 लाख 87 हजार 449 बढ़ी है। वहीं, तृतीय लिंग के मतदाताओं की संख्या में 164 की कमी दर्ज की गई है।
इस तरह मतदाता सूची में महिलाओं की भागीदारी में अपेक्षाकृत अधिक वृद्धि हुई है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची में प्रति एक हजार पुरुष मतदाताओं पर महिला मतदाताओं की संख्या का अनुपात 834 से बढ़कर 840 हो गया है। इसी तरह मतदाता-जनसंख्या अनुपात भी 55.17 प्रतिशत से बढ़कर 55.95 प्रतिशत दर्ज किया गया है। निर्वाचन विभाग का कहना है कि पुनरीक्षण के दौरान पात्र नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ने के प्रयास किए गए हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी के मुताबिक, 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग की अनुमानित आबादी 84 लाख 47 हजार है जबकि ड्राफ्ट मतदाता सूची में इस आयु वर्ग के महज 11.83 लाख मतदाताओं के नाम शामिल हैं।
निर्वाचन विभाग ने इस अंतर को कम करने के लिए स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में विशेष अभियान चलाने की तैयारी की है, ताकि पात्र युवाओं को मतदाता सूची में शामिल कराया जा सके। आलेख्य मतदाता सूची के प्रकाशन के साथ ही नाम जोड़ने, हटाने और विवरण में संशोधन की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। नागरिक 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक अपने दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे। इस दौरान नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6, मतदाता सूची से नाम हटवाने या किसी प्रविष्टि पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए फॉर्म-7 और नाम, पता अथवा अन्य विवरण में संशोधन के लिए फॉर्म-8 भरना होगा।
निर्वाचन विभाग के कार्यक्रम के अनुसार, 28 दिसंबर तक प्राप्त दावों और आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। इसके बाद चार जनवरी 2027 को प्रदेश की अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। मतदाता सूची को अधिक समावेशी बनाने और पात्र नागरिकों को इसमें शामिल करने के लिए 21, 22, 28 और 29 नवंबर को प्रदेश के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। इन दिनों बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने-अपने बूथ पर आलेख्य मतदाता सूची और आवेदन फॉर्म के साथ मौजूद रहेंगे। नागरिक इनसे संपर्क कर सूची में अपना नाम और विवरण जांचने के साथ आवश्यक आवेदन भी कर सकेंगे।
मतदाता अपने नाम और अन्य विवरणों की जांच संबंधित मतदान केंद्र, बीएलओ के पास उपलब्ध सूची, ईसीआईनेट मोबाइल ऐप और मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से कर सकते हैं। इसके अलावा भारत निर्वाचन आयोग के नागरिक सेवा पोर्टल की आधिकारिक वेबसाइट पर भी मतदाता सूची उपलब्ध रहेगी। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम सूची में नहीं है तो वह फॉर्म-6 के माध्यम से नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकता है। इसके साथ निर्धारित फोटो और जन्मतिथि तथा सामान्य निवास से संबंधित मान्य दस्तावेज देने होंगे।
महिलाओं और अन्य पात्र नागरिकों तक पहुंचने के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा, एएनएम, महिला स्वयं सहायता समूहों और सरकारी सस्ते गल्ले की दुकानों का सहयोग लिया जाएगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे ड्राफ्ट मतदाता सूची में अपना नाम और अन्य विवरण अवश्य जांच लें। यदि कोई त्रुटि है या नाम सूची में शामिल नहीं है तो निर्धारित समय सीमा के भीतर संबंधित आवेदन जमा कराएं, ताकि अंतिम मतदाता सूची में सभी पात्र नागरिकों के नाम शामिल किए जा सकें।
निवास स्थान बदलने, नाम-पते में सुधार, मतदाता पहचान पत्र से जुड़ी प्रविष्टियों में संशोधन अथवा दिव्यांग मतदाता के रूप में चिन्हांकन के लिए फॉर्म-8 का इस्तेमाल किया जा सकता है। निर्वाचन विभाग ने मतदाता सूची में छूटे पात्र नागरिकों को शामिल कराने के लिए विशेष संपर्क अभियान चलाने की योजना बनाई है। इसके तहत स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में मतदाता साक्षरता क्लब के माध्यम से युवाओं को जागरूक किया जाएगा।





