
‘बात करने की तमीज नहीं…’, नवाजुद्दीन पर भड़कीं दीया मिर्जा; यूजर्स बोले- PR स्टंट
Dia Mirza vs Nawazuddin Siddiqui: बॉलीवुड की गलियारों में इन दिनों चर्चा के केंद्र में बॉलीवुड अभिनेत्री दीया मिर्जा (Dia Mirza) और दिग्गज अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी (Nawazuddin Siddiqui) हैं। दीया मिर्जा की एक हालिया इंस्टाग्राम स्टोरी सामने आई है, जिसमें उन्होंने नवाजुद्दीन के साथ काम करने के अनुभव को बेहद खराब बताते हुए उनके व्यवहार और रवैये पर तीखे सवाल उठाए हैं।
हैरानी की बात यह रही कि दीया ने अपनी इस पोस्ट में सीधे तौर पर नवाजुद्दीन सिद्दीकी को टैग भी किया, जिसके बाद अभिनेता की ओर से भी तुरंत पलटवार सामने आया है।
दीया मिर्जा ने जताई नाराजगी
दीया मिर्जा ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट की स्टोरी पर एक पोस्ट साझा करते हुए नवाजुद्दीन सिद्दीकी को टैग किया और लिखा कि नवाजुद्दीन सिद्दीकी के साथ काम करना किसी बुरे सपने जैसा है, उन्हें न तो बात करने की तमीज है और उनका एटीट्यूड भी बिल्कुल अलग स्तर का और बेहद आपत्तिजनक (ऑफेंसिव) है। अपनी सौम्य और शांत छवि के लिए पहचानी जाने वाली दीया मिर्जा के इस तीखे तेवर को देखकर प्रशंसक भी हैरान रह गए और सेट पर किसी बड़ी अनबन की अटकलें लगाई जाने लगीं।

नवाजुद्दीन ने दिया जवाब
दीया की इस पोस्ट के वायरल होने के बाद नवाजुद्दीन सिद्दीकी भी चुप नहीं रहे। उन्होंने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए बेहद सधे हुए अंदाज में पलटवार किया और लिखा कि किसी के एटीट्यूड में कमी निकालना बहुत आसान होता है, हिम्मत है तो काम में कमी निकालकर दिखाइए।
दोनों दिग्गज कलाकारों के बीच हुई इस सार्वजनिक जुबानी जंग के बाद सोशल मीडिया दो गुटों में बंटा नजर आ रहा है, जहां कुछ लोग दीया का समर्थन कर रहे हैं तो कई यूजर्स नवाजुद्दीन के जवाब को दमदार बता रहे हैं।
असली विवाद या पीआर स्टंट?
इस पूरे घटनाक्रम के सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स का एक बड़ा वर्ग इसे विवाद मानने के बजाय एक सोचा-समझा पीआर स्टंट (PR Stunt) करार दे रहा है। कई यूजर्स ने कमेंट करते हुए लिखा है कि आजकल फिल्मों और सीरीज के प्रमोशन के लिए सितारे इसी तरह के विवाद खड़े करते हैं।
गौरतलब है कि दीया मिर्जा और नवाजुद्दीन सिद्दीकी जल्द ही फिल्ममेकर रोहन सिप्पी (Rohan Sippy) के निर्देशन में बन रही आगामी मेडिकल ड्रामा वेब सीरीज ‘डॉ. हसन’ (Dr. Hassan) में पहली बार एक साथ मुख्य भूमिकाओं में नजर आने वाले हैं। इस सीरीज में दीया मिर्जा डॉक्टर पलक जैन का किरदार निभा रही हैं, जबकि नवाजुद्दीन सिद्दीकी डॉक्टर इमरान हसन की भूमिका में दिखेंगे।
इससे पहले दोनों कलाकार केवल फिल्म ‘लगे रहो मुन्ना भाई’ में अलग-अलग मेहमान भूमिकाओं में दिखे थे। ऐसे में अब यह देखना दिलचस्प होगा कि दोनों सितारों के बीच यह वाकई कोई गंभीर मतभेद है या फिर अपनी नई वेब सीरीज को सुर्खियों में लाने का एक अनोखा प्रमोशनल पैंतरा।
ये भी पढ़े-‘Dhurandhar 2’ को ग्रैमी 2027 में तगड़ा झटका, नहीं मिला एक भी नॉमिनेशन





