UP News: जंगल में महिला की मिली सर कटी लाश, अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज

Hamirpur Crime News: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर (Hamirpur) जिले के मझगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत गिरवर गांव के पास जंगल में एक महिला का सिर कटा शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों से घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए राठ के क्षेत्राधिकारी (सीओ), मझगांव थाना प्रभारी, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉयड को घटनास्थल पर बुलाया गया, जिन्होंने बारीकी से साक्ष्य संकलित किए।

जंगल में शव मिलने से दहशत

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मझगांव थाना क्षेत्र के गिरवर गांव के समीप जंगल में महिला का सिर कटा शव पड़ा मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के गांवों में दहशत और आक्रोश का माहौल बन गया। घटनास्थल पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने महिला की पहचान सुनिश्चित करने के लिए आसपास के थानों और ग्रामीणों से संपर्क कर शिनाख्त के प्रयास शुरू किए।

अज्ञात के खिलाफ मुकदमा

पुलिस ने फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉयड की मदद से घटनास्थल से अहम सबूत एकत्र करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मझगांव पुलिस ने इस मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और घटना के हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है।

Back to top button