CM योगी की माता सावित्री देवी का निधन, 91 साल की उम्र में ली अंतिम सांस

CM Yogi Mother Passes Away: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का निधन हो गया है। उन्होंने उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में 91 साल की उम्र में अंतिम सांस ली। बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ दिनों से बीमार थीं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भाई ने उनके निधन की पुष्टि की है। सावित्री देवी के निधन की खबर से पंचूर गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

सीएम धामी ने एक्स पर जताया शोक

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक्स पर लिखे संदेश में कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पूज्य माताजी सावित्री देवी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। उन्होंने कहा कि मां का स्नेह, आशीर्वाद और ममता जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होती है और उनका जाना परिवार के लिए एक अपूरणीय क्षति है।

सीएम धामी ने बाबा केदार से प्रार्थना करते हुए कहा कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा योगी आदित्यनाथ सहित समस्त शोकाकुल परिजनों को इस असीम दुख को सहन करने की शक्ति दें।

सावित्री देवी उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के पंचूर गांव में निवास करती थीं और बीते कुछ महीनों में उनका स्वास्थ्य कई बार खराब हुआ था, जिसके दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उन्हें देखने अस्पताल भी पहुंचे थे। विभिन्न मीडिया रिपोर्ट्स और स्थानीय अधिकारियों के हवाले से निधन को लेकर सामने आई शुरुआती जानकारियों के बीच परिवार और प्रशासनिक स्तर पर आगे की प्रक्रिया व विवरण अपडेट किए जा रहे हैं।

Back to top button