
मनुष्य को अहंकार त्यागकर प्रेम, सेवा, सद्भाव और भक्ति के मार्ग पर चलना चाहिए:Lord Srikrishna
श्रीमद्भागवत कथा: दिव्य लीलाओं के भावपूर्ण वर्णन से भावविभोर हुए भक्त
भगवान अपने भक्तों की पुकार अवश्य सुनते हैं:नीरज महराज
Banbhokar Chanda Sultanpur: भारत के उत्तर प्रदेश राज्य में सुल्तानपुर जनपद के लंभुआ तहसील प्रतापपुर कमैचा ब्लाक के ‘बनभोकार’ गांव में आयोजित सात दिवसीय संगीतमयी श्रीमद्भागवत कथा में भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, राजबली प्रसंग तथा गोवर्धन लीला का भावपूर्ण वर्णन किया गया। अयोध्या धाम से पधारे भागवताचार्य नीरज पाण्डेय ने कथा के माध्यम से भगवान की लीलाओं की आध्यात्मिक महत्ता समझाते हुए श्रद्धालुओं को भक्ति, समर्पण और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।
कथाव्यास ने श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का वर्णन करते हुए माखन चोरी, गोपियों के साथ बाल सुलभ क्रीड़ाओं और वृंदावन की दिव्य लीलाओं का प्रसंग सुनाया। इसके बाद गोवर्धन लीला का वर्णन करते हुए बताया कि भगवान श्रीकृष्ण ने इंद्र के अहंकार का मर्दन कर गोवर्धन पर्वत को अपनी कनिष्ठा अंगुली पर धारण किया और ब्रजवासियों की रक्षा की। उन्होंने गोवर्धन पूजा तथा अन्नकूट महोत्सव की महिमा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रकृति, गौवंश और अन्न के प्रति कृतज्ञता भारतीय संस्कृति की विशिष्ट पहचान है। कथा के दौरान भजनों और संकीर्तन पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूम उठे। पूरा पंडाल राधे-कृष्ण और गिरिराज महाराज के जयकारों से गूंजता रहा।
भगवान श्रीकृष्ण की गोवर्धन लीला की भक्तिरस में डूबे ‘बनभोकार’ भक्त

दिव्य लीलाओं का भावपूर्ण वर्णन कर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। कथाव्यास ने भगवान श्रीकृष्ण की महारास लीला का वर्णन करते हुए कहा कि महारास जीवात्मा और परमात्मा के मिलन का दिव्य प्रतीक है। गोपियों की अनन्य भक्ति और भगवान के प्रति उनके समर्पण से मनुष्य को निष्काम प्रेम एवं सच्ची भक्ति की प्रेरणा मिलती है।
इसके बाद भगवान श्रीकृष्ण के मथुरा गमन, कंस वध तथा रुक्मिणी हरण प्रसंग का विस्तार से वर्णन किया गया। रुक्मिणी जी द्वारा भगवान श्रीकृष्ण को संदेश भेजने और उनके प्रति अटूट विश्वास एवं समर्पण की कथा सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। भगवान श्रीकृष्ण एवं रुक्मिणी जी के विवाह प्रसंग पर कथा पंडाल में उत्सव जैसा माहौल बन गया। विवाह गीतों, भजनों और जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। भागवताचार्य ने कहा कि भगवान अपने सच्चे भक्तों की पुकार अवश्य सुनते हैं। मनुष्य को अहंकार त्यागकर प्रेम, सेवा, सद्भाव और भक्ति के मार्ग पर चलना चाहिए। श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण जीवन को सन्मार्ग की ओर प्रेरित करता है।
इस दौरान कार्यक्रम में मुख्य यजमान उत्तम कुमार शुक्ल ने विधि-विधान से व्यासपीठ का पूजन-अर्चन किया। सत्य प्रकाश शुक्ला, सुभीत शुक्ला, जय प्रकाश, विजय शुक्ला, विनोद कुमार एवं राहुल शुक्ला ने कथाव्यास का माल्यार्पण कर स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर रामतीर्थ मिश्र,मंगला यादव, संदेश शुक्ला विशाल शुक्ला, मनोज,प्रधान प्रदीप यादव सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।






