Stock Market: गुरु नानक जयंती पर आज बाजार बंद, शाम के सेशन में खुलेगा MCX

Stock Market Holiday: मंगलवार को सिखों के पहले गुरू और धर्म के संस्थापक गुरू नानक देव की जयंती मनाई जा रही है। इस बड़े मौके पर देश के प्रमुख शेयर बाजारों बीएसई और एनएसई में आज छु्ट्टी रहेगी। इसके साथ ही, आज देशभर के 18 राज्यों में सभी बैंकों की भी छुट्टी रहेगी और MCX पर शाम के सेशन में कारोबार शुरू होगा।

MCX पर शाम के सत्र में होगा कारोबार

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक कारोबार बंद रहेगा, जबकि शाम के सत्र में 5 बजे से रात 11:30 बजे तक सामान्य कारोबार होगा। वहीं, नेशनल कमोडिटी एंड डेरिवेटिव्स एक्सचेंज (एनसीडीईएक्स) पर पूरे दिन कारोबार बंद रहेगा।

नवंबर में दूसरी छुट्टी

गुरु नानक जयंती नवंबर महीने में पड़ने वाली शेयर बाजार की दूसरी निर्धारित छुट्टी है। इससे पहले 10 नवंबर को दीपावली-बलिप्रतिपदा के अवसर पर शेयर बाजार बंद रहा था। इसके बाद 25 दिसंबर को क्रिसमस के अवसर पर बाजार में कारोबार नहीं होगा।

पिछले कारोबारी सत्र में सेंसेक्स और निफ्टी 

छुट्टी से पहले सोमवार के कारोबारी सत्र में भारतीय शेयर बाजार में भारी बिकवाली देखने को मिली थी। कारोबार समाप्त होने पर सेंसेक्स 1,483.72 अंक यानी 1.77% गिरकर 82,435.99 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 450.95 अंक यानी 1.75% टूटकर 25,349.65 पर बंद हुआ।

दिन के कारोबार में सेंसेक्स ने अपने पिछले बंद स्तर 83,919.71 की तुलना में 84,662.96 का उच्चतम और 82,395.88 का निम्नतम स्तर छुआ। वहीं, निफ्टी ने पिछले बंद स्तर 25,800.60 के मुकाबले 25,992.60 का उच्चतम और 25,343.85 का निम्नतम स्तर दर्ज किया।

इन शेयरों में गिरावट

सेक्टोरल इंडेक्स में निफ्टी मेटल, निफ्टी पीएसयू बैंक और निफ्टी प्राइवेट बैंक में 3% से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई। इसके अलावा निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज में 2.3%, निफ्टी ऑयल एंड गैस में 2% और निफ्टी ऑटो में 1% की गिरावट रही।

बाजार में चौतरफा बिकवाली के बीच निफ्टी आईटी में सबसे ज्यादा 1.69% की तेजी दर्ज की गई। इसके अलावा निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और निफ्टी रियल्टी इंडेक्स भी बढ़त के साथ बंद हुए।

Back to top button