Oscars 2027: ‘रामायण’ की ऑस्कर की दहलीज पर दस्तक, 20 फिल्मों से होगा मुकाबला

Ramayana Oscars 2027: निर्देशक नितेश तिवारी की बहुचर्चित फिल्म ‘रामायण: राइज ऑफ ए लीजेंड’ ने अंतरराष्ट्रीय पुरस्कारों की दौड़ में बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए 99वें अकादमी पुरस्कार (ऑस्कर 2027) के बेस्ट विजुअल इफेक्ट्स वर्ग के शीर्ष 20 दावेदारों की सूची में जगह बना ली है।

रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश अभिनीत इस फिल्म के विजुअल इफेक्ट्स का काम प्रतिष्ठित स्टूडियो DNEG ने किया है और अब इसका मुकाबला हॉलीवुड की कई बड़ी फिल्मों के साथ होगा।

हॉलीवुड के बीच ‘रामायण’ की मौजूदगी

अंतरराष्ट्रीय रिपोर्टों के अनुसार, एकेडमी ऑफ मोशन पिक्चर आर्ट्स एंड साइंसेज की विजुअल इफेक्ट्स शाखा ने अगले चरण की मतदान प्रक्रिया के लिए आगे बढ़ने वाली 20 फिल्मों की टीमों को सूचित किया है। इस सूची में ‘रामायण: राइज ऑफ ए लीजेंड’ के साथ अवेंजर्स: डूम्सडे, ड्यून: पार्ट थ्री, क्रिस्टोफर नोलन की द ओडिसी, प्रोजेक्ट हेल मेरी, गॉडजिला माइनस जीरो, स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे, सुपरगर्ल और मोआना जैसी बड़ी परियोजनाएं शामिल हैं।

इससे पहले एस. एस. राजामौली की फिल्म आरआरआर (RRR) भी 95वें ऑस्कर में विजुअल इफेक्ट्स के शीर्ष 20 दावेदारों में पहुंची थी, हालांकि वह अंतिम नामांकन तक नहीं पहुंच सकी थी। अब आठ ऑस्कर जीत चुके DNEG स्टूडियो के विजुअल इफेक्ट्स से सजी इस फिल्म पर वैश्विक सिनेमा प्रेमियों की निगाहें टिकी हैं।

दो श्रेणियों में बनाई जगह

ऑस्कर की इस दौड़ से ठीक पहले फिल्म ने 32वें क्रिटिक्स चॉइस अवॉर्ड्स की तकनीकी श्रेणियों में भी दो स्थानों पर जगह बनाई थी, जिनमें बेस्ट विजुअल इफेक्ट्स और बेस्ट स्टंट डिजाइन शामिल हैं। निर्माता नमित मल्होत्रा और यश के साथ जुड़ी इस परियोजना में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी सीता और यश रावण की भूमिका में नजर आए हैं, जबकि रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में हैं।

ये भी पढ़े- Netflix की पहली पाकिस्तानी सीरीज पर बवाल, भारत में बैन की मांग

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, प्रारंभिक मतदान के बाद 15 दिसंबर 2026 को 10 फिल्मों की आधिकारिक शॉर्टलिस्ट घोषित की जाएगी। इसके बाद जनवरी 2027 में विजुअल इफेक्ट्स प्रस्तुतियों और स्क्रीनिंग के दौर के पश्चात 21 जनवरी 2027 को अंतिम ऑस्कर नामांकन जारी किए जाएंगे, जबकि मुख्य समारोह 14 मार्च 2027 को आयोजित होगा।

ये भी पढ़े-Miss Universe 2026: जेनिफर बैरेटो बनीं मिस यूनिवर्स, भारत टॉप 12 में नहीं बना सका जगह

Back to top button