
नागिन 6 में होंगी महक चहल की एंट्री? एकता कपूर ने इशारों में दी जानकारी

मुंबई। एकता कपूर के अपकमिंग शो नागिन 6 को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। जानकारी के मुताबिक नागिन 6 में एक्ट्रेस महक चहल लीड रोल निभा सकती हैं। आखिरी बार महक को रोहित शेट्टी के रिएलिटी शो खतरों के खिलाड़ी 11 में देखा गया था।
इंडिया फोरम की रिपोर्ट के मुताबिक एकता कपूर जल्द ही महक चहल के नाम पर पक्की मुहर लगाने वाली हैं। दरअसल कुछ दिन पहले ही प्रोड्यूसर एकता कपूर टीवी के सबसे विवादित शो बिग बॉस 15 में पहुंची थी।
इस दौरान एकता ने ऐलान किया था कि वो नागिन 6 जनवरी 2022 में लॉन्च करने वाली हैं। एकता ने इशारों-इशारों में ये भी कहा था कि शो की एक हीरोइन का नाम एम (M) से है, जिसे सलमान खान भी अच्छी तरह से जानते हैं।
लोग लगा रहे थे ये अनुमान
एकता कपूर की अनाउंसमेंट के बाद लोग अनुमान लगा रहे थे कि नागिन 6 में महिमा मकवाना की एंट्री होगी। कुछ लोगों को तो ये भी लग रहा था कि एकता कपूर एक बार फिर से मौनी रॉय को नागिन बनाकर लोगों को सरप्राइज देने वाली हैं।
पिछले 2 सीजन को नहीं मिली टीआरपी
नागिन फ्रेन्चाइजी के पिछले दो सीजन बुरी तरह से फ्लॉप हुए थे। कोरोना वायरस लॉकडाउन के दौरान नागिन 4 को काफी नुकसान हुआ था, जिसके चलते एकता ने इसे तुरंत बंद करने का फैसला ले लिया था।
नागिन 5 में एकता कपूर ने सुरभि चंदना को कास्ट किया था, शुरू में ये सीजन ठीक-ठाक चला था लेकिन कुछ दिन बाद ही इस सीजन को भी दर्शकों ने सिरे से नकार दिया था।