
कोरोना: नए मामलों में लगातार गिरावट जारी, रिकवरी रेट 98.03 फीसदी

नई दिल्ली। देश में कोरोना के नए मामलों में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ो के मुताबिक, देश में बीते 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 30,757 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान 541 लोगों की मौत हुई है जबकि 67,538 लोग ठीक भी हुए हैं।
लगातार पांचवें दिन 50 हजार से कम केस
बीते पांच दिनों से कोरोना के लगातार 50 हजार से कम मामले दर्ज किए जा रहे हैं। 12 फरवरी को कोरोना के 44,877 मामले, 13 फरवरी को 34,113 मामले, 14 फरवरी को 27,409 केस और 15 फरवरी को 30,615 मामले सामने आए थे।
कोरोना के एक्टिव केस भी लगातार कम हो रहे हैं। देश में अब एक्टिव केस 3,32,918 हो गए हैं। इसके अलावा डेली पाजिटिविटी दर 2.61% हो गई है। कोरोना से अब तक 4,19,10,984 लोग ठीक हो चुके हैं। रिकवरी रेट 98.03 फीसदी है।
कोरोना एक नजर में
सक्रिय मामले: 3,32,918
पॉज़िटिविटी रेट: 2.61%
कुल डिस्चार्ज: 4,19,10,984
कुल वैक्सीनेशन: 1,74,24,36,288
इन पांच राज्यों के आंकड़े अभी भी परेशान करने वाले
देश में सबसे अधिक कोरोना संक्रमितों की संख्या केरल में है। यहां बीते 24 घंटों में कोरोना के 12,223 मामले मिले हैं। दूसरे स्थान पर महाराष्ट्र है जहां कि 2,748 केस हैं।
तीसरे स्थान पर कर्नाटक है जहां कि कोरोना के 1,894 मरीज मिले हैं। वहीं चौथे पर राजस्थान जहां 1,702 मामले हैं जबकि पांचवें पर मिजोरम है जहां 1571 लोग वायरस की चपेट में आए हैं।
वैक्सीनेशन का आंकड़ा 174 करोड़ के पार
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देशभर में अब तक कोरोना वैक्सीन की 174 करोड़ से अधिक डोज दी जा चुकी हैं। पिछले 24 घंटों में कुल 34.75 लाख वैक्सीन डोज दिए गए हैं।