
स्वाति मालीवाल के साथ बदसलूकी पर पूर्व पति का बयान, झांसी की रानी से की तुलना
Delhi News: स्वाति मालीवाल से बदसलूकी को लेकर बुधवार को राजधानी नई दिल्ली में दिल्ली बीजेपी की महिला कार्यकर्ताओं ने भी विरोध प्रदर्शन किया। अब स्वाति मालीवाल के पूर्व पति नवीन जयहिंद ने अरविंद केजरीवाल पर हमला बोला है।
आप की सांसद स्वाति मालीवाल के साथ मुख्यमंत्री आवास में हुई बदसलूकी वाले मसले पर स्वाति मालीवाल के पूर्व पति नवीन जयहिंद का भी बयान आ गया है। उन्होंने स्वाति मालीवाल की जान को खतरा बताया है। उन्होंने कहा कि स्वाति मालीवाल झांसी की रानी है, वो मर्दानी हैं औऱ किसी से डर नहीं सकती, उन्हें सामने आना चाहिए। बुधवार को उन्होंने ‘आप’ के सबसे बड़े नेता अरविंद केजरीवाल पर एफआईआर की मांग की है। उन्होंने स्वाति की तुलना झांसी की रानी से की और कहा कि जो हाथ उस पर उठा उसे मैं तोड़ देता।
केजरीवाल पर भी एफआईआर हो
मालीवाल के पूर्व पति नवीन ने कहा, ‘जिसे आप सीएम हाउस कहते हो, वह गटर हाउस है। यह बहुत ही खतरनाक घटना है। इसके लिए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर भी एफआईआर होनी चाहिए। क्योंकि यह घटना उनके घर में हुई है। जिसने भी यह की है उसकी औकात नहीं है, यह घटना करने की। स्वाति की जान को खतरा है। उसको डराया धमकाया गया है।’
#WATCH | AAP Rajya Sabha MP Swati Maliwal assault case | Her ex-husband Naveen Jaihind, says, "…FIR should be lodged against Arvind Kejriwal because this happened at his home…Sanjay Singh is a parrot of Arvind Kejriwal. Singh knew that such an incident would take place, he… pic.twitter.com/zAkvnlc9UH
— ANI (@ANI) May 15, 2024
नवीन जयहिंद ने आगे कहा…
‘अभी भी स्वाति की आवाज दबाई जा रही है। यह सिर्फ मेरी पूर्व पत्नी का मामला नहीं है, यह लाखों महिलाओं का मामला है। पूर्व पत्नी का अगर मामला होता तो अब तक स्वाति पर जो हाथ उठे हैं, वे टूट चुके होते… और जिसने इसके लिए आदेश दिया, उसकी जुबान हम निकाल लिए होते। यह बहुत गहरा मामला है। इसपर कार्रवाई होनी चाहिए।’
उन्होंने कहा कि अगर यह घटना सामान्य व्यक्ति के घर में होती तो उसे घर पर ताला लगा देते और उस घर के लोगों को उठा लेते। यह मामला सीएम हाउस में हुआ है। पुलिस को कम से कम इस मामले में जांच तो करनी चाहिए। किसने यह घटना की है, यह पता चलना चाहिए। हमसे अगर मदद मांगी जाएगी तो हम तैयार हैं।