
सर्दियों के मौसम में आपको सेहतमंद रखेगी गाजर और चुकंदर की कांजी
सर्दियों के मौसम में खुद को स्वस्थ रखना सबसे ज्यादा चुनौतीपूर्ण होता है। ऐसे में हमारी इम्यूनिटी ही हमें बीमारियों से बचाती है। इसके लिए हम अपना खानपान बेहतर कर सकते हैं। सर्दियों में हमें सूप और गर्म चीजों का ज्यादा सेवन करना चाहिए।
ऐसी ही एक चीज है कांजी, कांजी एक फर्मेन्टड ड्रिंक है जो कि गाजर और चुकंदर से बनती है। इसका सेवन करने से शरीर की इम्यूनिटी मजबूत होती है, और साथ ही ये हमारे वजन को नियंत्रित करने में भी काफी मदद कर सकती है।
चुकंदर में एंटीऑक्सीडेंट और विटामिन- सी मौजूद होता है, जो कि प्रतिरक्षा प्रणाली को बढ़ाने में मदद करता है। वहीं, गाजर में विटामिन-सी और बीटा कैरोटीन की मात्रा पाई जाती है, जो हमारे शरीर को रोगों से लड़ने में मदद करता है। इसलिए गाजर और चुकंदर की कांजी फायेदमंद मानी जाती है।
गाजर-चुकंदर की कांजी बनाना भी काफी आसान है। सबसे पहले पांच-सात गाजर छील लें। इसके बाद दो चुकंदर को अच्छे से छील लें और फिर इन्हें बारीक काट लें।
फिर एक छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, दो चम्मच सरसों पाउडर, पांच चम्मच राई पाउडर और काला नमक स्वादानुसार चाहिए और साथ में दस कप उबला हुआ पानी भी। इन सभी चीजों को एक कांच के बर्तन में मिला लें।
ध्यान रहें कि सभी चीजें आपस में अच्छे से मिल जाए। फिर ढक्कन लगाकर कांच के बर्तन को लगभग पांच दिनों तक धूप में रखें और हर दिन जरूर एक बार कांजी को जरूर देख ले।
वहीं, जब कांजी का स्वाद खट्टा हो जाए, तो समझ लीजिए कि गाजर-चुकंदर की कांजी बनकर तैयार है। इसके बाद आप इसका सेवन कर सकते हैं और ये आपके शरीर को कई फायदे दे सकती है।
नोट: यह सलाह केवल आपको सामान्य जानकारी प्रदान करने के लिए दी गई है। आप किसी भी चीज का सेवन या कोई भी घरेलू उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर या विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।