
नवरात्र व्रत में खुद को रखें एनर्जेटिक; जानिए न्यूट्रिशनिस्ट शशि सिंह से डाइट टिप्स
Shardiya Navratri Vrat Diet Plan: मौसम के बदलाव के समय आने वाली नवरात्रि हमारे शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करने का एक बेहतरीन अवसर है। पूर्व आहार विशेषज्ञ (के.जी.एम.यू) न्यूट्रिशनिस्ट शशि सिंह का कहना है कि नवरात्र व्रत सिर्फ भूखे रहने का नाम नहीं है, बल्कि यह शरीर को सही और सात्विक पोषण देने का तरीका है।
अगर आप सही योजना के साथ फलाहार करेंगे, तो आपको पूरे नौ दिन ऊर्जावान महसूस होगा। आइए जानते हैं व्रत के जरूरी नियमों और आहार के बारे में। नवरात्र व्रत के दौरान शरीर को कमजोरी से बचाने के लिए ऐसे खाद्य पदार्थों का चुनाव करना चाहिए जो पचने में हल्के हों लेकिन ऊर्जा भरपूर दें।
व्रत में ऊर्जा और पोषण देने वाले प्रमुख आहार
-
कुट्टू का आटा: कुट्टू का आटा ग्लूटेन-फ्री होता है और इसमें भरपूर मात्रा में प्रोटीन और फाइबर पाया जाता है। इसकी पूरियां, रोटियां या चीला बनाकर खाया जा सकता है, जो पेट को लंबे समय तक भरा रखते हैं।
-
सिंघाड़े का आटा: यह शरीर को ठंडक देता है और इसमें पोटैशियम, विटामिन बी और जिंक जैसे पोषक तत्व होते हैं। इससे बनी रोटियां या हलवा व्रत के दौरान ऊर्जा का अच्छा स्रोत है।
-
साबूदाना: कार्बोहाइड्रेट से भरपूर साबूदाना तुरंत ऊर्जा प्रदान करता है। इसकी खिचड़ी या खीर व्रत में बहुत पसंद की जाती है। ध्यान रखें कि इसे बनाते समय कम तेल या घी का इस्तेमाल करें।
-
मखाना: मखाना कैल्शियम, आयरन और एंटी-ऑक्सीडेंट्स का खजाना है। इसे घी में हल्का भूनकर और सेंधा नमक डालकर स्नैक्स के रूप में खाना बेहद फायदेमंद होता है।
-
सेंधा नमक: व्रत में सामान्य नमक की जगह हमेशा सेंधा नमक का ही उपयोग करना चाहिए। यह रक्तचाप को नियंत्रित रखने में मदद करता है और पेट के लिए भी हल्का होता है।
-
ताजे फल और जूस: सेब, केला, पपीता, अनार और संतरा जैसे फल शरीर को हाइड्रेट रखते हैं और विटामिन प्रदान करते हैं। आप नारियल पानी या फलों का ताजा रस भी ले सकते हैं।
-
दूध और डेयरी उत्पाद: पनीर, दही, छाछ और मलाई निकला हुआ दूध प्रोटीन और कैल्शियम की कमी को पूरा करते हैं। छाछ पीने से पेट ठंडा रहता है।
-
सूखे मेवे: बादाम, काजू, किशमिश और अखरोट खाने से शरीर को ताकत मिलती है और कमजोरी महसूस नहीं होती।
लेखक: शशि सिंह (एम.फिल. न्यूट्रिशन, पूर्व आहार विशेषज्ञ केजीएमयू, सलाहकार कर्तव्य हेल्थयोन, लखनऊ)





