
दूध के नाम पर जहरीला यूरिया तो नहीं पी रहे आप? आज ही करें चेक
हम सभी खुद को हेल्दी और फिट रखने के लिए दूध जरूर पीते हैं। लेकिन आजकल मुनाफे को बढ़ाने के लिए दूध बेचने वाली कंपनियां अपने इसमें जहरीला यूरिया भी मिला रहे हैं। जो सेहत के लिए बहुत ही ज्यादा खतरनाक है।
दूध हमेशा से ही सम्पूर्ण आहार माना जाता है। ये हमारी डाइट का एक बहुत जरूरी हिस्सा रहा है। घर में छोटे बच्चे हों या बड़े बुजुर्ग सभी के लिए दूध पीना जरूरी समझा जाता है। लेकिन आजकल के दौर में शुद्ध दूध ढूंढना लगभग नामुमकिन है। पहले तो दूध में सिर्फ पानी मिलाया जाता था लेकिन आजकल तो मुनाफा कमाने के चक्कर में कंपनियां जहरीला यूरिया मिलाने से भी नहीं चूक रही हैं। अगर आप भी दूध के नाम पर जहरीला यूरिया पी रहे है तो हम आपको बताएंगे आपके दूध में इसकी मिलावट है या नहीं उसकी पहचान कैसे करे।
क्यों मिलाया जाता है यूरिया
ज्यादा मुनाफे के लिए दूध बेचने वाली कंपनियां दूध में यूरिया का मिलावट करती है। दरअसल यूरिया मिलाने से दूध में नाइट्रोजन की मात्रा बढ़ जाती है जिससे प्रोटीन भी ज्यादा हो जाता है लेकिन असल में वो सफेद जहर बन जाता है।। इससे फायदा यह होता है कि दूध बेचने वाले उसमें ज्यादा पानी मिला सकते हैं और किसी को पता भी नहीं चलता।
इस तरह करे मिलावट की पहचान
देश में खाने–पीने की चीजों की क्वालिटी पर नजर रखने वाली संस्था FSSAI ने इसे टेस्ट करने का एक बहुत आसान तरीका बताया है। इसके लिए सबसे पहले एक टेस्ट ट्यूब लें। उसमें एक चम्मच दूध डालें। अब दूध में आधा चम्मच सोयाबीन या अरहर की दाल का पाउडर डालें। सभी को अच्छे से मिला लें। लगभग पांच मिनट के बाद टेस्ट ट्यूब में लिटमस पेपर डालें। अगर लिटमस पेपर का रंग नीला हो जाए तो समझ लीजिए कि दूध में यूरिया मिला हुआ है।
अगर आपने दूध के नाम पर जहरीला यूरिया पीया है तो आपको तुरंत ही इसके कुछ साइड इफेक्ट्स देखने को मिल सकते हैं, जैसे–पेट में जलन होना, उल्टी आना या जी मिचलाना, दस्त की शिकायत होना। अगर लंबे समय तक आप ऐसे दूध का सेवन करते हैं तो गंभीर बीमारियों का भी शिकार हो सकते हैं, जैसे– लीवर खराब होना, आंखे खराब होना, किडनी खराब होना और महिलाओं में बच्चा पैदा करने में समस्या होना। खासतौर से बच्चों, बुजुर्गों और प्रेगनेंट महिलाओं के लिए काफी हानिकारक होता है।





