भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव का शुभारंभ, 24 जनवरी तक चलेगा आयोजन

नई दिल्ली। भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई) का शुभारंभ गोवा में हो चुका है। यह 51वां फिल्म महोत्सव है। इस बार फिल्म महोत्सव का आयोजन गोवा के पणजी में डॉ. श्यामप्रसाद मुखर्जी स्टेडियम में किया गया है। यह महोत्सव 16 जनवरी से 24 जनवरी तक चलेगा।

महोत्सव में इस बार दुनियाभर से 224 फिल्मों को शामिल किया गया है। आयोजन में हिस्सा लेने सूचना और प्रसारण मंत्री प्रकाश जावडेकर गोवा पहुंचे। उन्होंने कला और संस्कृति की दृष्टि से इस आयोजन को बहुत महत्वपूर्ण बताया है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पहले की तुलना में इस बार भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव खास है। कोविड-19 की वजह से पहली बार हाईब्रिड आयोजन हो रहा है। उन्होंने आगे कहा कि फिल्मोत्सव के हाईब्रिड होने की वजह से लोग इसे ऑनलाइन भी देख सकते हैं।

फिल्म महोत्सव में सभी तरह की फिल्मों का प्रदर्शन होगा। साथ ही दूरदर्शन और अन्य चैनल सहित सोशल मीडिया के कई प्लेटफॉर्म पर प्रसारण किया जाएगा।

प्रकाश जावडेकर ने कहा कि थियेटर में कोविड-19 के प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन होगा। यह कला और संस्कृति की दृष्टि से महत्वपूर्ण 51वां भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव है।

हर बार 16 नवंबर से 24 नवंबर तक इसका आयोजन होता है, लेकिन कोविड के कारण इसे स्थगित कर इस बार जनवरी में किया है।

गौरतलब है कि इस 51वें फिल्म महोत्सव ने इस बार के ‘कंट्री इन फोकस’ खंड के तौर पर पड़ोसी मुल्क बांग्लादेश को चुना है। ‘कंट्री इन फोकस’ संबंधित देश की सिनेमाई उत्कृष्टता और योगदान को मान्यता देता है।

बता दें कि भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव एशिया के सबसे खास फिल्म समारोहों में से एक है। इसकी शुरूआत साल 1952 में की गई थी।

यह महोत्सव हर साल गोवा में होता है। इस महोत्सव का मकसद सारी दुनिया के सिनेमा के लिए एक समान मंच मुहैया करवाना है।

Back to top button